सरगुजा

प्राण-प्रतिष्ठा, राममय हुआ सरगुजा, शोभायात्रा मंदिरों व घरों में जले आस्था के दीप
22-Jan-2024 10:08 PM
प्राण-प्रतिष्ठा, राममय हुआ सरगुजा, शोभायात्रा मंदिरों व घरों में जले आस्था के दीप

गांधी स्टेडियम में एक लाख दीप प्रज्वलित, जगह-जगह भजन कीर्तन व भंडारा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 22 जनवरी। अयोध्या में प्रभु श्री रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा होने पर अंबिकापुर नगर सहित पूरे सरगुजा में उत्साह का माहौल देखा गया। राम की भक्ति में पूरा सरगुजा राममय हो गया। अंबिकापुर में ऐतिहासिक भव्य शोभायात्रा कई दिशाओं से निकाली गई।

 शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु जय-जय श्रीराम के उद्घोष के साथ नाचते-गाते झूमते नजर आए। शोभा यात्रा में प्रभु श्री राम, लक्ष्मण, माता सीता व बजरंगबली की जीवंत झांकी निकाली गई, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।

अंबिकापुर नगर में निकली शोभायात्रा में लगभग 30 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए। शोभा यात्रा में बच्चे, बुजुर्ग,महिलाएं सभी में काफी उत्साह देखा गया। सभी राम की भक्ति में डूबे हुए नजर आए एवं प्रभु श्री रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा पर जमकर खुशियां मनाते हुए भव्य आतिशबाजी करते हुए रंग गुलाल उड़ाते नजर आए। अंबिकापुर शहर के सभी मंदिरों में भजन-कीर्तन एवं भंडारे का आयोजन किया गया। सभी मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया था।

शोभायात्रा के पूर्व अंबिकापुर नगर के श्री राम मंदिर में रामलला की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। दोपहर 2 बजे शोभायात्रा अंबिकापुर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए घड़ी चौक पहुंची, जहां हजारों की संख्या में लोग एकत्रित हुए एवं डीजे की धुन पर जमकर थिरके। इसके पश्चात सभी लोग गांधी स्टेडियम में पहुंचे और एक लाख दीप प्रज्वलित के साक्षी बने। गांधी स्टेडियम में जैसे ही दीप प्रज्वलित हुआ जय-जय श्रीराम के नारों से स्टेडियम गूंज उठा।

 प्राण-प्रतिष्ठा की खुशी में अंबिकापुर नगर के लोगों ने नगर के सभी मंदिरों एवं घरों में दीप प्रज्वलित कर दिवाली मनाई। गांधी स्टेडियम में सोमवार की शाम 6 बजे लगभग आधे घंटे के भीतर सभी एक लाख दीप प्रज्वलित किए गए एवं प्रभु श्री रामलला प्राण-प्रतिष्ठा की खुशियां मनाई गई।

 गांधी स्टेडियम में रामायण पाठ किया गया। सुबह 10 से 11 बजे के बीच पूजा पाठ एवं हवन किया गया। शाम 4.30 बजे से पहले 1000 से अधिक महिलाओं द्वारा एक लाख दिया में बत्ती एवं तेल डाला गया।

शाम 6 बजे 15 से 20 मिनट के भीतर सभी एक लाख दीपक को जलाया गया। इसके पश्चात आरती किया गया और प्रसाद वितरण किया गया। इस बीच गांधी स्टेडियम में भव्य आतिशबाजी हुई, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। लेजर लाइट के माध्यम से प्रभु श्री राम का चित्रण दिखाया गया, इस दौरान स्टेडियम में मौजूद सभी लोग राममय हो गए।

स्टेडियम में प्रमुख रूप से भाजपा नेता अनुराग सिंह देव, अंबिकेश केसरी,मनोज गुप्ता,पूर्व सांसद कमलभान सिंह, राम उत्सव समिति के संयोजक निलेश सिंह, विनोद हर्ष, गोल्डी बिहाङे, नकुल सोनकर,रिंकू वर्मा संतोष दास सहित अन्य मौजूद थे।

जनसामान्य अभूतपूर्व पल के साक्षी बने

अम्बिकापुर के गांधी स्टेडियम में राम के आकार में एक लाख दीप प्रज्वलित किए गए। इस अवसर पर जनसामान्य एक अभूतपूर्व पल के साक्षी बने। नगरवासियों के साथ मिलकर रामलला की आरती की गई,साथ ही लेजर शो के जरिए भगवान राम की जीवन चरित्र का वर्णन किया गया।

 इसी तरह शहर में ही नवापारा चर्च के पास बजरंग मैदान एवं जोड़ा पीपल शिव मंदिर में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गणपति धाम, हाथी पखना में अखंड रामायण का पाठ किया गया।


अन्य पोस्ट