सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 जनवरी। क्रेडिट कार्ड की पेनल्टी ड्यू होने की बात कहकर झांसे में लेकर ठगी करने के मामले में थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल एवं 50 हजार रुपये नगद बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक़ प्रार्थी रितेश कुमार गुप्ता अम्बिकापुर ने थाना कोतवाली आकर 28 दिसंबर 2023 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि घटना दिनांक 23 दिसंबर को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रार्थी को कॉल कर स्वयं को बैंक अधिकारी होना बताकर क्रेडिट कार्ड का पेनेल्टी ड्यू होने की बात कहकर आई मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रोसेस कराकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 100380/- रूपये की ठगी की गई है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध ठगी व आई. टी. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के संबंध में साइबर सेल से तकनीकी जानकारी प्राप्त कर संयुक्त पुलिस टीम को अग्रिम वैधानिक कार्यवाही हेतु देवघर झारखण्ड रवाना किया गया था। पुलिस टीम द्वारा मामले के आरोपी का पता तलाश कर पूछताछ की गई।
आरोपी द्वारा अपना नाम मुन्ना कुमार सिंह (20 वर्ष) झारखण्ड का होना बताया। आरोपी से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ किये जाने पर घटना करना स्वीकार किया गया।
आरोपी के कब्जे से ठगी गई रकम लगभग 50000/-रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल बरामद किया गया है। मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 41 (ए) सी.आर.पी. सी. के निहित प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।