सरगुजा

स्वा. केंद्र में अधिकारी-कर्मचारी संलग्नीकरण, जांच की मांग
18-Jan-2024 9:46 PM
 स्वा. केंद्र में अधिकारी-कर्मचारी संलग्नीकरण, जांच की मांग

पार्षद ने स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र

अंबिकापुर, 18 जनवरी। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नावापारा अम्बिकापुर में 51 अधिकारी एवं कर्मचारियों की कांग्रेस शासनकाल में नियम विरुद्ध संलग्न कर वित्तीय प्रभार दिलाने के संबंध में पार्षद आलोक दुबे ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को पत्र लिखकर जाँच की मांग करते हुए दोषी अधिकारी पर कार्रवाई की मांग की है।

स्वास्थ्य मंत्री को लिखे गए पत्र में पार्षद आलोक दुबे ने शिकायत की है कि सरगुजा जिला के अम्बिकापुर में तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थय केंद्र है। जिसमें शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नावापारा अम्बिकापुर में शासन से दो डॉक्टर, एक लैब टेक्निशियन, एक डॉटा ऑपरेटर, एक क्लर्क एवं दो भृत्य के पद स्वीकृत हैं। इन सात स्वीकृत पद के विरुद्ध यहां ग्यारह डॉक्टर, आठ नर्स एवं अन्य 32 लोग कांग्रेस शासन में अपने राजनीतिक पहुंच पर नियम विरुद्ध अपने को संलग्न कर दिये, जो जाँच का विषय है। किस अधिकारी ने नियम विरुद्ध इतनी ज्यादा संख्या में शहरी प्राथमिक स्वास्थ केंद्र नावापारा में इतनी ज्यादा डॉक्टर एवं अन्य स्टॉफ को संलग्न किया है, इसकी भी जाँच हो। जबकि शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ में सिर्फ दो डॉक्टर एवं तीन स्टाफ नर्स पदस्थ हंै। इसी तरह शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर अम्बिकापुर में दो डॉक्टर एवं तीन स्टॉफ नर्सों की पद स्थापना है। इसी क्रम में अम्बिकापुर शहर में आठ हमर क्लीनिक संचालित है, जो क्रमश: बरेजपारा, विशुनपुर, गोधनपुर, पुलिस लाईन, गांधीनगर, मुक्तीपारा, बौरीपारा एवं नमनाकला में है। इसमें सिर्फ नमनाकला एवं पुलिस लाईन में हमर क्लीनिक में डॉक्टर की पद स्थापना है। बाकी 6 शहर अम्बिकापुर में संचालित हमर क्लीनिक में कोई भी डॉक्टर पदस्थ नहीं है।

सरगुजा जिले के कई स्वास्थ्य केंद्र में वर्तमान में स्वाथ्य कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं के कार्यकाल में स्वाथ्य केंद्रों में पदस्थ अपने चहेते अधिकारी एवं कर्मचारियों को नियम विरुद्ध तरीके से शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा में संलग्नीकृत कराकर शासकीय मदों का दुरुपयोग नियम विरुद्ध तरीके से किया जा रहा है।

पार्षद आलोक दुबे ने स्वास्थ्य मंत्री से एक जांच टीम गठित कर कांग्रेस शासन के कार्यकाल में पदस्थ इन कांग्रेस के चहेते डाक्टरों एवं कांग्रेस के चहेते कर्मचारियों के विरुद्ध जाँच कराकर इसके लिए दोषी अधिकारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट