सरगुजा

नव विवाहिता खुदकुशी, मारपीट कर फांसी पर लटकाने का आरोप
17-Jan-2024 8:06 PM
नव विवाहिता खुदकुशी, मारपीट कर फांसी पर लटकाने का आरोप

दहेज नहीं देने पर रोज कर रहे थे मारपीट-मायका पक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,17 जनवरी। कोलडीहा में नव विवाहिता के फांसी लगाने का मामला सामने आया है। मृतिका के परिजनों ने उसके पति, सास और ससुर पर दहेज को लेकर मारपीट कर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पूरे मामले को लेकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मामला अंबिकापुर गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोलडीहा का है, जहाँ कल्याणपुर के ग्राम बदौली में रहने वाली 22 वर्षीय यशोदा यादव की शादी 2 मई 2023 को ग्राम कोलडीहा के विजय यादव के साथ हिंदू रीति रिवाज के साथ हुई थी।

 आरोप है कि शादी के एक माह बाद ही ससुराल वालों के द्वारा मृतिका को दहेज के लिए प्रताडि़त किया जा रहा था, दहेज में चार चक्का की मांग ससुराल पक्ष के द्वारा की जा रही थी, जिसको लेकर आए दिन नव विवाहिता के साथ मारपीट भी किया जा रहा था. वहीं महिला के परिजन 31 दिसंबर को यशोदा को अपने घर ले गए थे, इसके बाद यशोदा का पति और उसके बड़े पिता यशोदा के घर पहुंचे और बातचीत कर लड़ाई-झगड़ा नहीं करने की बात कह कर उसे अपने साथ ले आए।

बीती शाम ग्राम के एक व्यक्ति ने यशोदा की फांसी लगाने की जानकारी उनके परिजनों को दी, जहां आज परिजन यशोदा के घर ग्राम कोलडि़हा पहुंचे, जहां घर में ताला बंद रहा और यशोदा के पति, सास और ससुर घर से फरार रहे, जिसकी सूचना गांधीनगर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगर सीएसपी गांधीनगर पुलिस सहित एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच जुट गई है, वहीं मृतका के परिजनों का आरोप है कि दहेज को लेकर अक्सर यशोदा के साथ ससुराल वालों के द्वारा मारपीट किया जाता था, बीती शाम भी यशोदा के साथ मारपीट की की गई है, फिलहाल पुलिस शव को फंदे से उतार कर  पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, और मामले की जांच में जुट गई है।


अन्य पोस्ट