सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बतौली, 16 जनवरी। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में किसानों की भारी भीड़ उमड़ रही है, वहीं किसानों को सुबह से देर शाम तक अपने रुपये निकालने के लिए कतार में लगे देखा जा सकता है। दिन भर कतार में लगने के बाद किसानों को बीस हजार रुपये ही मिल पा रहे हैं।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बतौली में किसान अपने धान उपज को बेचकर थोड़ी-थोड़ी राशि ही निकाल पा रहे हैं। दिन भर कतार में लगने के बाद किसान अपने खाते से धान के उपज के बदले बीस हजार ही निकाल पा रहे हैं।
केंद्रीय बैंक शाखा बतौली में धान खरीदी के छ: खरीदी केंद्रों के किसान आते हैं। बिलासपुर (बतौली), खड़धोवा (भटको),बोदा, सेदम, मंगारी, बटाइकेला खरीदी केंद्र के किसानों का विकासखंड स्तरीय बैंक बतौली में भुगतान होता है।इससे भीड़ बढ़ जाती है और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जिला सहकारी बैंक बतौली शाखा में प्रतिदिन साढ़े चार सौ से पांच सौ किसान भुगतान प्राप्त करने आते हैं। भुगतान करने के लिए बैंक द्वारा पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं हो पाती, जिससे थोड़ी-थोड़ी राशि देकर सबको संतुष्ट करने का प्रयास होता है। शाखा बतौली को प्रतिदिन पचास लाख से एक करोड़ रुपये प्राप्त हो रहे हैं, जिसे दो दिन तक भुगतान करने को कहा जाता है।
राष्ट्रीयकृत बैंकों ने बनाई दूरी
धान बोनस या धान खरीदी राशि के सरकारी चेक को भारतीय स्टेट बैंक और सेंट्रल बैंक स्वीकार नहीं कर रहे हैं,जिससे जिला सहकारी केंद्रीय बैंक को अपने चेक एचडीएफसी, बैंक ऑफ बड़ौदा, ऐक्सिस बैंक में लगाना पड़ रहा है। इन बैंकों से जिला सहकारी बैंक को बैंक कैश सीमित मात्रा में प्राप्त हो रही है, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के चेक सेंट्रल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक में स्वीकार होने से पर्याप्त बैंक कैश प्राप्त होता, जिससे किसानों को परेशानी उठाना नहीं पड़ता।
सरकार की घोषणा का इंतजार, बैंक मित्र या ग्राम पंचायत स्तर पर भुगतान की थी घोषणा
छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने चुनाव पूर्व घोषणा की थी कि धान खरीदी का भुगतान ग्राम पंचायत वार किया जाएगा। खरीदी में अब महज पखवाड़े भर का समय ही बचा है, परन्तु अभी तक इसपर कोई भी घोषणा या व्यवस्था नही बन पाई है।
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के कई गांवों में बैंक मित्र हैं, जो छोटी-छोटी भुगतान करते हैं, परन्तु जिला सहकारी केंद्रीय बैंक का इस ओर विस्तार नहीं हो पाया है। बतौली के 54 गांवों के हजारों किसानों का खाता इस बैंक में है।