सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपाट, 16 जनवरी। एकलव्य आवासीय विद्यालय कमलेश्वरपुर मैनपाट में विशाल 4 दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से पधारे पूज्य स्वामी विप्रदेव महाराज व नरेन्द्रदेव महाराज ने 4 दिनों तक प्रात: 6.30 बजे से 8 बजे तक सभी योग साधकों को योग का प्रशिक्षण दिया, साथ ही आयुर्वेद, आध्यात्म व स्वदेशी के बारे में भी सभी योग साधको को बताया गया।
शिविर के दौरान तिब्बती समुदाय के लोगों को भी नियमित योग करने व अपने स्वास्थ्य को संतुलित करने हेतू विशेष योग कार्यशाला का आयोजन किया गया,इसके अलावा मैनपाट के बरिमा में स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में भी योग एवं फिटनेस वर्कशॉप का आयोजन भी किया गया, जहाँ पूज्य स्वामी विप्रदेव जीने यौगिक आहार विज्ञान के बारे में जवानों को अवगत कराया।वही पूज्य स्वामी नरेन्द्र देव ने जवानों को योग व फिटनेस के मन्त्र दिये।
प्रशिक्षु जवानों को युवाभारत (छ:ग)के राज्य कार्यकारिणी सदस्य शैलेन्द्र विशी ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने अपने उद्बबोधन में कहा की वर्तमान समय में युवा दिग्भ्रमित होकर अपनी शक्ति व ऊर्जा का दुरूपयोग कर रहे हैं, उन्हें भविष्य को लेकर अनावश्यक तनाव हो रहा है, साथ ही युवा नशा, ड्रग्स, शराब आदि के कुचक्र में फसने लगे है, इससे सामाजिक व्यवस्था बिखरने लगी है, इन सभी के द्वारा उत्पन्न होने वाले तनाव को योग से आसानी से दूर किया जा सकता है।
कमलेश सोनी ने कहा कि योग के द्वारा व्यक्ति संतुलित जीवन जीने लगता है, व उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है।
योग शिविर के अंतिम दिन स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस पर राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 2किलोमीटर मेराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया।
इस दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम,द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।इस विशेष अवसर पर भारत के तेजस्वी सन्यासी स्वामी विवेकानंद जी को याद कर उनके बताये आदर्शो पर सबको चलने हेतू पूज्य स्वामी विप्रदेव व पूज्य स्वामी नरेन्द्रदेव ने सबको प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।