सरगुजा
प्रारंभिक पीएम रिपोर्ट में पेट में अन्न का एक दाना भी नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,12 जनवरी। नर्सिंग छात्रा की बंद कमरे में लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। छात्रा सीतापुर शहर के वार्ड क्रमांक 03 में किराए के मकान में रहकर सीतापुर के एक निजी कॉलेज में नर्सिंग कर रहीं थी।
21 वर्षीय छात्रा का कमरा बंद था। कमरे से दुर्गंध आने पर आसपास के पड़ोसियों ने बंद कमरे को खोला तो बिस्तर पर नर्सिंग की छात्रा की लाश मिली। प्रारंभिक पीएम रिपोर्ट में मृतिका के पेट में अन्न का एक दाना भी नहीं मिला है। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि छात्रा ने कई दिनों से कुछ खाया नहीं था।
जानकारी के अनुसार जशपुर जिले के बगीचा निवासी महेंद्र सिंह की 21 वर्षीय पुत्री सेजल सिंह नर्सिंग कॉलेज की छात्रा थी। वह 2 साल से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के दौरान छात्रा पहले नर्सिंग कॉलेज के हॉस्टल में रहती थी। अभी वह सीतापुर स्थित मुलाजिमपारा में किराए के मकान में अकेली रहती थी।
विगत 13 दिसंबर को छात्रा अपने घर बगीचा से बड़ी बहन के साथ आई थी। दस दिन साथ रहने के बाद उसकी बड़ी बहन वापस चली गई थी। दस जनवरी को छात्रा की अपनी मां से फोन पर बात हुई थी, तब उसने कहा था कि मुझे अभी ठीक नहीं लग रहा है, मैं अभी सो रही हूं।
इसके बाद रात को भी शायद घरवालों ने फोन किया था, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया था। सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोस के लोगों ने खिडक़ी से अंदर झांक कर देखा तो छात्रा बेड पर लेटी हुई थी। किसी अनहोनी की आशंका से सहमे मकान मालिक ने थाने में इसकी सूचना दी।
छात्रा के माता-पिता को भी इस बारे में सूचित कर दिया गया। मकान मालिक की सूचना के बाद परिजनों के साथ मौके पर पहुंची पुलिस पंचनामा के बाद दरवाजा तोडकऱ अंदर गई। बेड पर छात्रा बेजान पड़ी हुई थी। सीतापुर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।