सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 12 जनवरी। मकर संक्रांति पर्व पर इस बार 14 जनवरी को गांधी स्टेडियम मैदान में भव्य पतंग उत्सव का आयोजन होगा। दुबई का पतंग आकर्षण का केंद्र रहेगा।
शुक्रवार को सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी ने प्रेस क्लब भवन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पतंग उत्सव कार्यक्रम का आयोजन गांधी मैदान में आयोजित किया गया है। पतंग उत्सव आयोजन इसलिए हो रहा है कि बच्चे इसमें बढ़-चढक़र हिस्सा लें और अपनी संस्कृति को पहचाने। इस बार के पतंग उत्सव में दुबई से विशेष प्रकार का पतंग मंगाया गया है,जो बच्चों सहित सभी वर्गों के लोगों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र होगा।
सरगुजा सेवा समिति के उपाध्यक्ष अखिलेश सोनी ने बताया कि मकर संक्रांति के दिन पतंग उत्सव परंपरागत त्योहार है, परंपरा एवं संस्कृति बरकरार रहे इसलिए इसे 14 जनवरी को मनाते हैं। आजकल के बच्चे इसे भूलते जा रहे हैं,यह उत्सव विलुप्त ना हो इसलिए बच्चों को प्रोत्साहित करने पतंग उत्सव कार्यक्रम कराया जा रहा है। इस उत्सव में बच्चे अधिक से अधिक भाग ले एवं इस परंपरागत त्यौहार को धूमधाम से मनाएं।
समिति के महासचिव संजय अग्रवाल ने बताया कि गांधी स्टेडियम मैदान में दो तरीके से पतंग उत्सव कार्यक्रम आयोजित है, एक फैंसी पतंग प्रतियोगिता,दूसरा पतंग काटो प्रतियोगिता है।
इस उत्सव में अबतक 50 टीम भाग ले चुकी है,एंट्री शुल्क 20 रुपए रखा गया है। उत्सव में चीनी माझा धागा को प्रतिबंधित किया गया है, इंडियन माझा धागा ही मान्य होगा।
बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए पतंग उत्सव कार्यक्रम का आयोजन पिछले 15 वर्षों से किया जा रहा है। इस बार उक्त दोनों प्रतियोगिता के लिए प्रथम पुरस्कार 3100 रुपये,द्वितीय पुरस्कार 2100 एवं तृतीय पुरस्कार 1100 रुपए रखा गया है। इसके अलावा जो भी बच्चे इस उत्सव में भाग लेंगे, उन्हें मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। मैदान के अंदर पतंग और लटाई का स्टाल लगाया जाएगा।
समिति की अध्यक्ष श्रीमती रजनी रविशंकर त्रिपाठी ने अंबिकापुर नगर के अधिक से अधिक बच्चों से इस पतंग उत्सव कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।
प्रेस वार्ता के दौरान समिति के महासचिव राजेश कश्यप,उपाध्यक्ष प्रयाग साहू,सदस्य किशोर शर्मा एवं पतंग उत्सव के प्रायोजक व संयोजक संजय भोरा मौजूद थे।