सरगुजा

स्वच्छता सर्वेक्षण में अंबिकापुर निगम को झटका, 4थे स्थान से 27वें नंबर पर पहुंचा
11-Jan-2024 8:57 PM
स्वच्छता सर्वेक्षण में अंबिकापुर निगम को झटका, 4थे स्थान से 27वें नंबर पर पहुंचा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 11 जनवरी। भारत सरकार आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में गुरुवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के परिणामों की घोषणा की गई। इस परिणाम में अंबिकापुर नगर निगम नेशनल रैंकिंग में 27वें नंबर पर पहुंच गया है, जबकि पिछले वर्ष तक नगर निगम चौथे नम्बर पर था।

भारत सरकार द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण के परिणाम को दो श्रेणी में जारी किया गया है, जिसमें पहली श्रेणी 1 लाख से कम आबादी वाले शहर व दूसरा 1 लाख से अधिक आबादी वाले शहर। स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में नीचे जाने का मुख्य कारण निगम का 5 स्टार रेटिंग से हटकर 3 स्टार पर पहुंचना है। स्टार रेटिंग में गिरावट से नगर निगम को 1050 अंकों का नुकसान उठाना पड़ा है।

स्वच्छता रैंकिंग में इतनी ज्यादा गिरावट नगर निगम अंबिकापुर को फंडिंग की दिक्कत एवं कई खराब सडक़ों का समय पर नहीं बन पाना मुख्य कारण बताया जा रहा है।

सर्वेक्षण के दौरान सबसे ज्यादा नुकसान अंबिकापुर नगर निगम को सर्टिफिकेशन में ही उठाना पड़ा है। 1,050 अंक कटने के बाद निगम को 2 स्टार की रैंकिंग गंवानी पड़ी। अब नेशनल रैंकिंग में भी निगम निचले पायदान पर आ गया है। इस वर्ष स्टार रेटिंग में छत्तीसगढ़ के रायपुर नगर निगम और पाटन नगर पंचायत की रैंकिंग ही 5 स्टार है।

5 वर्षों तक अव्वल था अंबिकापुर

देश को स्वच्छता का एसएलआरएम मॉडल देने वाले अंबिकापुर की रैंकिंग वर्ष 2017 से वर्ष 2021 तक एक लाख से तीन लाख की आबादी वाले शहर की कैटेगरी में प्रथम थी। वर्ष 2022 के स्वच्छता सर्वेक्षण में अंबिकापुर को चौथा स्थान मिला था। 2023 के सर्वेक्षण में अंबिकापुर कई पायदन नीचे 27 वें स्थान पर पहुंच गया है।इस बार देश में कराया गया स्वच्छता सर्वेक्षण 9500 अंकों का था। इनमें स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए 4830 अंक, 2500 अंक सर्टिफिकेशन और 2170 अंक सिटीजन फीडबैक के लिए निर्धारित थे। इनमें से नगर निगम अंबिकापुर को सर्वेक्षण में 4,148 नबंर, सर्टिफिकेशन में 1,450, सिटीजन फीडबैक में 1,869 नंबर मिले हैं।

खराब सडक़ और नाली के चलते पिछड़ गए-महापौर

स्वच्छता रैंकिंग में तगड़ी गिरावट होने के संबंध में अंबिकापुर नगर निगम महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान सर्वेक्षण की टीम आ गई थी,तब तक वार्डों में सडक़ों का काम पूरा नहीं हो पाया था। सीवरेज वॉटर प्लांट के लिए जो जरूरत थी, वह पूरा नहीं हो पाया, जिसके चलते पिछड़ गए। महापौर ने कहा कि अगले वर्ष के लिए  बेहतर करने की कोशिश करेंगे।


अन्य पोस्ट