सरगुजा

छत्तीसगढ़ के नक्शे पर सीतापुर को विकसित विस बनाने होगा कार्य-रामकुमार
06-Jan-2024 3:44 PM
छत्तीसगढ़ के नक्शे पर सीतापुर को विकसित विस बनाने होगा कार्य-रामकुमार

बतौली व शांतिपारा में विधायक का भव्य स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बतौली, 6 जनवरी।
सीतापुर विधानसभा से निर्वाचित विधायक रामकुमार टोप्पो का बतौली शांतिपारा में भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य अमित गुप्ता ने अभिनंदन समारोह में सेब से तौलकर भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। 

सीतापुर विधानसभा सीट से निर्वाचित भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो सर्वप्रथम बतौली स्थित भारत माता मंदिर में पूजा-अर्चना के पश्चात स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए। भाजपा बतौली द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में बतौली-बगीचा चौक में आयुष अग्रवाल ने लड्डुओं से तौलकर स्वागत किया। इसके पश्चात बगीचा चौक से रैली निकालकर बतौली नगर भ्रमण में बतौलीवासियों ने पुष्प वर्षा और आतिशबाजी कर स्वागत किया।

जनसमुदाय को संबोधित करते हुए रामकुमार टोप्पो ने कहा कि भाजपा की सरकार ने मोदी की गारंटी पर कार्य प्रारंभ कर दिया है। दो वर्षों का बकाया धान का बोनस  वितरण, 21 क्विंटल धान 3100 रूपए में खरीदी के साथ कई योजनाएं प्रारंभ की जा रही है।

श्री टोप्पो ने कहा कि ग्रामों में हो रहे निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही हो तो सीधे मुझे फोन करें। सभी ग्रामों में ग्राम रक्षा समिति का गठन किया जाएगा जो अपराधियों और अपराध को रोकने का कार्य करेगी। कोट छाल से चलित थाना प्रारंभ किया जा रहा है, जिसमें 4 ग्राम पंचायत के निवासियों को कानून और नियमों की जानकारी दी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छता अभियान को सीतापुर विधानसभा में प्रारंभ किया जाएगा। सडक़ों पर कचरा व धूल से मुक्ति दिलाई जाएगी। प्रत्येक शनिवार को स्कूली किशोरियों, ग्रामीण किशोरियों की जांच की होगी जिसमेें किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जाएगी। सीतापुर विधानसभा के प्रत्येक ग्रामों में 100 लोगों की बसाहट में पेयजल की व्यवस्था के लिए हैंडपंप खुदाई का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है।

रामकुमार टोप्पो ने आगे कहा कि सीतापुर विधनसभा को छत्तीसगढ़ के नक्शे पर एक सुदृढ़ और विकसित विधानसभा के रूप में बनाने का कार्य किया जा रहा है, इसमें आप सभी का सहयोग चाहिए। क्षेत्र में अभी बहुत समस्या है जिसमें पेयजल, सडक़ की मांग और स्ट्रीट लाइट की मांग ज्यादा है। बतौली ग्राम वासियों की मांग पर 19 लख रुपए की लागत से जोंकी नाला में स्टाप डैम बनाने की स्वीकृति दी गई है।


अन्य पोस्ट