सरगुजा
कारोबारियों ने कहा चेहरा देख उडऩदस्ता दल कर रही कार्रवाई
तीसरे दिन भी ठेले-गुमटियां हटाए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 जनवरी। अंबिकापुर नगर के प्रतिष्ठा बस स्टैंड में केवल 38 दुकान ही निगम की सूची में वैध है, बाकी सभी अवैध हंै। अभी भी प्रतीक्षा बस स्टैंड के नाली के ऊपर कई गुमटी अवैध रूप से संचालित हैं, जिसे हटाने तीसरे दिन भी उडऩदस्ता दल की टीम द्वारा अभियान जारी रखा गया। कुछ लोग स्वयं से अतिक्रमण हटा रहे हैं, ऐसे में निगम उन्हें एक दिन का समय दी है, वहीं जो नहीं हटा रहे हैं, जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण हटाया जा रहा है।
शुक्रवार को बस स्टैंड के कुछ व्यवसाईयों ने आरोप लगाते हुए कहा कि उडऩदस्ता दल चेहरा देख कार्रवाई कर रही है। अभी भी कई दुकानें अवैध रूप से संचालित हैं, जिनके ऊपर निगम कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं निगम के उडऩदस्ता दल की टीम के द्वारा कहा गया कि जो भी अवैध रूप से दुकानें संचालित कर रहे हैं, उनके ऊपर कारवाई किया जा रहा है और आगे भी जारी रहेगा।
गौरतलब है कि नगर निगम क्षेत्र के नो-वेंडिंग जोन में नियम विरुद्ध तरीके से संचालित ठेले-गुमटियों के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। शुक्रवार को भी ननि आयुक्त के निर्देश पर उडऩदस्ता दल की टीम द्वारा शहर के प्रतीक्षा बस स्टैंड में अभियान चलाकर गुमटियों पर कार्रवाई की गई।
सत्ता परिवर्तन के बाद जिला प्रशासन व नगर निगम की टीम एक्टिव हो गई है और शहर में व्याप्त अव्यवस्थाओं को दूर करने अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान नो वेंडिंग जोन में संचालित ठेले गुमटियों को हटाया जा रहा है। इस बीच शहर के प्रतीक्षा बस स्टैंड में भी बड़ी संख्या में नो
वेंडिंग जोन में संचालित ठेले गुमटियों को निगम आयुक्त अभिषेक कुमार के निर्देश पर नोटिस जारी किया गया था। बस स्टैंड में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से गुमटियां संचालित की जा रही थी।नोटिस के बाद भी गुमटियों को नहीं हटाने के बाद ननि आयुक्त अभिषेक कुमार के निर्देश पर उडऩ दस्ता टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।कार्रवाई के बाद गुमटी संचालकों में हडक़ंप मच गया है। इस दौरान गुमटियों को जब्त होने की कार्रवाई से बचने के लिए संचालकों ने खुद ही गुमटियों को खाली कर रहे है. हालांकि निगम द्वारा गुमटी संचालकों को प्रतीक्षा बस स्टैंड में पीछे की ओर खाली पड़ी जमीन में विस्थापित किया जा रहा है।
घड़ी चौक पर लग रहा है जाम
नगर के घड़ी चौक के पास नो-वेंडिंग जोन में कई ठेले वाले दुकानदार व फुटपाथ पर सामान रखकर बेचने वाले व्यवसाईयों के चलते यहां हर रोज जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। यहां पास कई ऑटो चालक भी अपने वाहन को बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े कर रहे हैं, जिसके चलते आवागमन बाधित हो रहा है।अभी तक यहां कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी है।