सरगुजा

पंचायत सचिव ने लगाई फांसी, काम का अधिक दबाव देते थे अफसर-परिजन व संघ का आरोप
03-Jan-2024 9:08 PM
पंचायत सचिव ने लगाई फांसी, काम का अधिक दबाव देते थे अफसर-परिजन व संघ का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 3 जनवरी। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर से लगे ग्राम पंचायत लाल माटी के सचिव सहनसाय मानिकपुरी (55 वर्ष) ने कथित तौर पर उच्चाधिकारियों के दबाव के चलते फांसी लगा आत्महत्या कर ली। मृतक सहनसाय ग्राम पंचायत रघुनाथपुर के मडवापारा के रहने वाले थे। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को वे कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित पंचायत सचिवों के बैठक में शामिल होकर देर रात करीब 12 बजे अपने घर लौटे थे, और बुधवार को प्रात: फांसी पर झूलता उनका शव मिला।

मृतक के परिजनों ने बताया कि सहन साय गांव के विकास और शासकीय योजनाओं को लेकर हमेशा व्यस्त रहते थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि बेहतर कार्य करने के बाद भी अधिकारी कोई न कोई कमी निकलकर उन्हें परेशान करते थे। अधिकारियों द्वारा और कार्य के लिए इन पर दबाव बनाया जा रहा था, इस वजह से वे पिछले कुछ समय से तनाव में भी थे।

पंचायत में विकसित भारत यात्रा शिविर भी होने वाला था, जिसकी तैयारी के लिए वे सुबह जल्दी उठकर घर से निकल जाते थे।  लुण्ड्रा ब्लॉक मुख्यालय में मृतक सचिव साफ छवि के जाने जाते थे। पर उन्होंने आत्महत्या क्यों की यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट