सरगुजा

बधियाचुआ जंगल में घुसा हाथी दल, ग्रामीणों में दहशत
01-Jan-2024 8:47 PM
बधियाचुआ जंगल में घुसा हाथी दल, ग्रामीणों में दहशत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 1 जनवरी। बीती रात 27 हाथियों का दल लाल माटी की ओर से बधियाचुआ के समीप स्थित जंगल में पहुंच गया। खबर मिलते ही गांव में भगदड़ मच गई। ग्रामीण दहशत में आ गए। ग्रामीण जान बचाने के लिए शहर की ओर भागने लगे।

समाचार मिलते ही अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल ने तत्काल अधिकारियों को स्थल पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय प्राथमिक शाला बधियाचूआ व ऑक्सीजन पार्क के रेस्ट हाउस व पंचायत भवन में रुकने की व्यवस्था के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

ग्रामीणों के लिए भोजन टेंट की व्यवस्था के लिए कहा। विधायक द्वारा सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद व भाजपा नेता सिकंदर जायसवाल के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता ग्राम बधियाचुआ पहुंचे व ग्रामीणों के साथ उनका हौसला बढ़ाते हुए देर रात तक व्यवस्था बनाने में सक्रिय रहे। डीएफओ व रेंजर के साथ वन अमला रातभर गांव में लोगों के साथ डटा रहा।

ग्रामीणों की मदद करने अजय सारथी, रामनिवास गुप्ता, सुरेंद्र टोप्पो, सिंटू सारथी, आकाश गुप्ता, कन्हैया गुप्ता, राजू जायसवाल, शिवमोहन विश्वकर्मा, सुनील यादव, दीपक यादव, छोटे चौधरी, शैलेंद्र कुमार, भारत कश्यप सहित सैकड़ो कार्यकर्ता देर रात तक ग्रामीणों के साथ खड़े रहे।


अन्य पोस्ट