सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 30 दिसंबर। सरगुजा जिला के लुंड्रा वन परिक्षेत्र में 27 हाथियों के दल ने शुक्रवार की रात ग्राम बांसा में चार से पांच ग्रामीणों के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया।
बताया जा रहा है कि हाथियों का दल ग्राम बांसा से होते दूसरी ओर जा रहे थे, लेकिन कुछ ग्रामीणों ने उनके मार्गों को डाइवर्ट करने की कोशिश की, जिससे नाराज हाथियों का दल वापस ग्राम बांसा में आ गया और कई ग्रामीणों के घर को तोड़ दिया।
हाथियों का दल अभी अंबिकापुर एवं लुंड्रा वन परिक्षेत्र के बॉर्डर क्षेत्र बुलगा के समीप उदारी के जंगल में डेरा जमाए हुए हैं। लुन्ड्रा वन विभाग की टीम हाथियों की निगरानी में लगी हुई है, वहीं अंबिकापुर वन परिक्षेत्र की टीम भी अलर्ट है, क्योंकि हाथियों का दल अगर उदारी जंगल से चेंद्रा जंगल की ओर मार्ग बदल लेते हैं तो वह अंबिकापुर शहर के काफी करीब पहुंच जाएगा, ऐसे में शहर में एक बार फिर से हाथियों के घुसने की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसे लेकर वन विभाग पूरी तरह सतर्क है।
गौरतलब है कि जंगली हाथियों का दल 6 दिन पूर्व धौरपुर वन परिक्षेत्र में प्रवेश किया था। धौरपुर के डंडगांव जंगल में कई दिनों तक रहने के बाद जंगली हाथियों का यह दल शुक्रवार की सुबह से ही चेन्द्रा रनघाघ पहुंचा था। शाम को हाथियों का यह दल बांकी डैम के नजदीक पहुंच गया था,उसके बाद यह दल ग्राम बांसा की ओर चला गया था।
बांसा की ओर से हाथी निकल रहे थे कि वहां के ग्रामीणों ने हाथियों का रास्ता रोक दिया और उन्हें दूसरी ओर खदेडऩे लगे,जिससे नाराज हाथियों का दल वापस ग्राम बांसा आ गया और ग्राम में 4-5 ग्रामीणों के घर को तोड़ दिया। हाथियों के दल ने अब तक लुन्ड्रा वन परिक्षेत्र में कई एकड़ फसलों को भी नुकसान पहुंचा है जिसके आंकलन में वन विभाग जुटी हुई है।
हाथियों को परेशान न करें ग्रामीण-वन अफसर
लुन्ड्रा वन परिक्षेत्र अधिकारी आकांक्षा लकड़ा ने बताया कि हाथियों की निगरानी में लुन्ड्रा वन विभाग की 4 टीम लगी हुई है। ग्रामीणों को समझाइश दी जा रही है कि वह हाथी से दूर रहें एवं हाथियों को किसी तरह से भी परेशान न करें, जिससे वह सुरक्षित जंगल के रास्ते अपने मार्ग से निकल सकें। लुन्ड्रा-अंबिकापुर वन परिक्षेत्र की सीमा पर हमेशा अंबिकापुर वन विभाग की टीम भी अलर्ट मोड पर है और नजर बनाए हुए हैं।