सरगुजा
कनेक्शन होने के बाद भी मीटर नहीं होने से हो रही आर्थिक क्षति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 27 दिसंबर। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित द्वारा उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रकार से विद्युत से होने वाली समस्याओं का समाधान करने हेतु स्थानीय केंद्र खोला गया है, जहां विद्युत से संबंधित किसी भी समस्या का समाधान होने पर उपभोक्ता उक्त केंद्र पर संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान करवा सकते हैं, लेकिन विद्युत वितरण केंद्र जो कि लखनपुर के विकासखंड के लटोरी ग्राम पंचायत में स्थित है, जहां समय से पूर्व ही बंद कर दिया जाता है, जिससे उपभोक्ता परेशान रहते हैं।
मिली जानकारी अनुसार उक्त ऑफिस का टाइम 10 से करीब 5 बजे तक खोलने का रहता है, लेकिन उसे वितरण केंद्र में उपस्थित कर्मचारी समय से 1 घंटा पूर्व ही वितरण केंद्र को बंद करके चले जाते हैं, जिससे कि उपभोक्ता परेशान रहते हैं।
वहीं क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि लटोरी विद्युत वितरण केंद्र के कई उपभोक्ताओं का वर्तमान में कनेक्शन कार्य हेतु मीटर भी उपलब्ध हो गया है, लेकिन मीटर उसके घर पर नहीं लगाए जाने से उन्हें आर्थिक क्षति हो रही है। इसकी जानकारी संबंधित विद्युत वितरण केंद्र को दिए जाने के पश्चात भी किसी प्रकार का कोई समाधान नहीं किया जाता है, जिससे लोग आर्थिक क्षति के साथ ही काफी परेशानी का सामना कर रहे हैं।
इस संबंध में सहायक यंत्री के द्वारा बताया गया कि उक्त ऑफिस में वर्तमान में कर्मचारी नहीं है, मात्र एक ऑपरेटर रहते हैं। लाइनमैन के भरोसे उस ऑफिस का संचालन किया जा रहा है।
वहीं इस संबंध में वरिष्ठ यंत्री आर नागवंशी ने बताया कि वर्तमान में उस ऑफिस में एक ऑपरेटर ही रहते हैं, जिन्हें 10 से 5 बजे तक रहना है, साथ ही उसे ऑफिस का संचालन लाइनमैन के माध्यम से किया जा रहा है। वर्तमान में यदि इस प्रकार की स्थिति है तो मैं जांच कर उचित कार्रवाई करवाता हूं।