सरगुजा
आरोपी को फांसी की सजा देने थाने के सामने परिजनों का प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर/सीतापुर, 26 दिसंंबर। विवाहिता से मारपीट, बलात्कार के बाद हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने साक्ष्य छिपाने महिला की लाश को ढोढ़ी में फेंक दिया था। पुलिस ने महिला की लाश को बरामद करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया, वही इस घटना को लेकर परिजनों ने मंगलवार को सीतापुर थाना के सामने आरोपी को फांसी की सजा दिलाए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
पुलिस के मुताबिक 21 दिसंबर को प्रार्थिया ने थाना सीतापुर आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 दिसंंबर की रात को उसकी बहू अपने घर से बिना किसी को कुछ बताये कहीं चली गई थी. अगले दिन खोजबीन करने पर गाँव में ही एक ढोढ़ी में बहू का शव डूबा हुआ मिला।
पुलिस टीम द्वारा तत्काल मामले में मर्ग इंटिमेशन कायम कर घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का निरीक्षण किया गया। मृतिका की मौत संदिग्ध परिस्तिथियों में होना पाये जाने पर मामले को वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया।
पुलिस टीम ने परिजनों के बयान दर्ज किए एवं मृतका के सम्बन्ध में साइबर सेल से तकनीकी जानकारी प्राप्त कर संदेही की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ की. आरोपी द्वारा अपना नाम सुनील तिर्की (25 वर्ष) सीतापुर का होना बताया।
आरोपी से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ करने पर महिला से बातचीत होना बताया एवं घटना दिनांक को महिला एवं आरोपी देर शाम घर से बाहर निकलकर मिले थे, इसी बीच महिला से विवाद होने पर आरोपी ने उससे मारपीट कर जबरन रेप किया एवं बाद में आवेश में आकर महिला का मुँह एवं नाक दबाकर हत्या कर दी। उसके शव को साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से पास में स्थित ढोढ़ी में फेंकना स्वीकार किया।
आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने पर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोबाइल जब्त किया गया।