सरगुजा
परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 26 दिसंंबर। पूर्व उप मुख्यमंत्री टी एस सिंह देव मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के महामंत्री व नागरिक सेवा समिति के महासचिव राजीव अग्रवाल के पिता सीताराम अग्रवाल के निधन पर शोकाकुल परिवार से उनके निवास पर मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
श्री सिंह देव ने कहा कि समाजसेवी सीताराम अग्रवाल ने समाज सेवा के कई कार्य किए। उनके निधन होने से समाज को क्षति होना बताया। श्री सिंह देव ने उनके पुत्र राजीव अग्रवाल को ढांढस बंधाया, इसके बाद उन्होंने स्व. सीताराम अग्रवाल के छाया चित्र पर पुष्प अर्पित किया।
पूर्व उपमुख्यमंत्री सिंहदेव राजीव अग्रवाल के निवास पर 2 घंटे तक रुके रहे एवं शोकाकुल परिवार के सभी सदस्यों से मुलाकात कर निधन पर गहरा शोक जताया। श्री सिंहदेव के अलावा अंबिकापुर नगर निगम के सभापति अजय अग्रवाल, टिंबर संघ के प्रदेश अध्यक्ष देव जी भाई पटेल, रामजीलाल पटेल,गोविंद भाई पटेल, अंबिकापुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हेमंत सिन्हा सहित सैकड़ो लोगों ने स्वर्गीय सीताराम अग्रवाल के छायाचित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
गौरतलब है कि अंबिकापुर शहर के देवीगंज वार्ड निवासी प्रतिष्ठित टिम्बर व्यापारी, अग्रवाल सभा अंबिकापुर के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ समाज सेवी सीताराम अग्रवाल का 77 वर्ष की आयु में 21 दिसंंबर को निधन हो गया था। व्यवसायिक गतिविधियों से जुड़े रहने के बाद भी समाज सेवा के क्षेत्र में स्व. सीताराम अग्रवाल की अग्रणी भूमिका रही। उन्होंने अपने जीवन काल में कई ऐसे कार्य किए, जिससे कमजोर वर्ग का भला हुआ है। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला रघुनाथ चिकित्सालय में उन्होंने सीताराम वार्ड का निर्माण, शहर के महामाया मंदिर मार्ग में स्वयं के खर्च से प्रवेश द्वार का निर्माण, घड़ी चौक में यातायात थाना के पास बेहतर प्याऊ की सुविधा उन्होंने उपलब्ध कराई थी। इसके अलावा गरीब कन्याओं के विवाह एवं शिक्षा की ललक लिए विद्यार्थियों की मदद कर उनकी राह आसान करने में भी योगदान दिया। इनके निधन पर टिंबर व्यापारियों सहित अग्रवाल सभा व शुभचिंतकों ने शोक संवेदना व्यक्त की है।