सरगुजा
जेल में कैदियों के भोजन पर सवाल, कलेक्टर से शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 22 दिसंंबर। केन्द्रीय कारागार अम्बिकापुर में स्तर विहिन एवं घटिया खाद्य सामाग्री एवं सब्जी सप्लाई किये जाने का आरोप लगाते हुए युवा मोर्चा के नगर उपाध्यक्ष अश्विनी जायसवाल ने जांच कर कार्रवाई करने की मांग कलेक्टर से की है।
कलेक्टर को दिए शिकायत में आरोप लगाया गया है कि केन्द्रीय कारागार अम्बिकापुर में निरुद्ध सजायाफता एवं विचाराधीन कैदियों के भोजन हेतु खाद्य सामाग्री (दाल, नमक, तेल, शक्कर एवं गुड़) एवं सब्जी सप्लाई करने की निविदा जिन व्यक्तियों के द्वारा ली गयी है, वे स्तर विहिन एवं घटिया खाद्य सामाग्री व सब्जी सप्लाई किया जा रहा है। खाद्य सामाग्री सप्लाई करने वाले निविदाकार के द्वारा अत्यन्त घटिया एवं सस्ता दाल, सप्लाई किया जा रहा हैं।
नियमत: जेल मेन्यू के अनुसार कैदियों को बदल-बदल दाल खिलाना है, किन्तु निविदाकार के द्वारा एक ही प्रकार का अत्यन्त घटिया दाल सप्लाई किया जा रहा है और उसका बिल अच्छे और महगें दाल का बनाया जा रहा है।
इसी प्रकार सब्जी का सप्लाई करने वाले निविदाकार के द्वारा अत्यन्त घटिया एवं सस्ता सब्जी लौकी, कद्दू, पत्ता गोभी आदि सप्लाई किया जा रहा है, महंगी सब्जी फूलगोभी, भिड्डी, करेला, परवल, सेम, बिन्स, बरबट्टी, साकिन आदि का सप्लाई नहीं किया जा रहा है,और महंगा सब्जी का बिल बनाया जा रहा है, जबकि प्रतिदिन सब्जी बदल-बदल कर दिया जाना है। जिसका कैदियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
मामले में सम्पूर्ण तथ्यों की उच्च स्तरीय जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराया जाकर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध सक्षम वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की गई है।