सरगुजा

अंबिकापुर में 5.2 डिग्री पर पहुंचा पारा, पठारी क्षेत्रों में 4 डिग्री
20-Dec-2023 8:10 PM
अंबिकापुर में 5.2 डिग्री पर पहुंचा पारा, पठारी क्षेत्रों में 4 डिग्री

  बर्फीली हवा चलने से उत्तर छत्तीसगढ़ में पड़ रही कड़ाके की ठंड  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 20 दिसंंबर। उत्तर-पश्चिम से ठंडी हवाएं चलने के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा में शीतलहर के जैसे हालात हैं और यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में बुधवार को इस सीजन का सबसे न्यूनतम पारा 5.2 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं सरगुजा के पठारी क्षेत्र में पारा 4 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

ठंडी हवा के कारण दिन में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं शाम होते-होते सडक़ अब सूनसान नजर आने लगा है। रात में पारा और गिरने के कारण लोग ठिठुर गए हैं, सुबह से लेकर रात तक लोग मोटे गरम कपड़ा व अलाव का सहारा लेने मजबूर हैं।

मौसम वैज्ञानिक एच पी चन्द्रा ने बताया कि दक्षिण भारत में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण से आसमान में उच्च-स्तरीय बादलों का उपस्थिति आगामी 2-3 दिनों तक बने रहने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रात: काल में कोहरा रहने की संभावना है।उत्तरी ठंडी हवा का प्रवेश के कारण न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट संभावित है। अगले 2-3 दिनों के पश्चात बादलो का प्रभाव समाप्त होने पर न्यूनतम तापमान मे 1-2 डिग्री और पारा गिरने की संभावना है।

पाट क्षेत्रों में चार डिग्री के आसपास तापमान
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने के कारण मैदानी इलाकों से ज्यादा ठंड पाट इलाकों में पड़ रही है। सरगुजा के मैनपाट एवं बलरामपुर के सामरी पाट और जशपुर के पंडरापाट इलाके में न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। 

तेज हवाओं के कारण पाट इलाकों में पाला नहीं पड़ा, लेकिन आगामी एक-दो दिनों में न्यूनतम तापमान गिरने से पाला पड़ सकता है।

ठंड लगने से बच्चे हो रहे बीमार
कड़ाके की ठंड का सर्वाधिक असर बच्चों में देखा जा रहा है। बच्चे ठंड लगने के कारण सर्दी, डायरिया से पीडि़त हो रहे हैं। अस्पतालों में भी पीडि़त बच्चों की संख्या बढ़ी है। हालांकि ठंड को देखते हुए स्कूलों का समय बदल दिया गया है, जिससे थोड़ी राहत है, लेकिन सर्द हवाओं के कारण बच्चों के बीमार होने का सिलसिला जारी है।

और गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी शीतलहरों का प्रकोप सरगुजा में जारी रहेगा। आगामी दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 1 से दो डिग्री तक गिर सकता है। अधिकतम तापमान में भी गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान गिरने से मैदानी इलाकों में भी पाला पड़ सकता है। सरगुजा जिले के निकाय से लेकर पंचायतों तक लोगों को ठंड से बचाने कलेक्टर ने अलाव जलाने के आदेश दिए हैं।


अन्य पोस्ट