सरगुजा

विधायक टोप्पो ने आधी रात सीएचसी का किया निरीक्षण, कई खामियां मिली
15-Dec-2023 7:51 PM
विधायक टोप्पो ने आधी रात सीएचसी  का किया निरीक्षण, कई खामियां मिली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बतौली,15 दिसंबर।
सीतापुर के नवनिर्वाचित विधायक रामकुमार टोप्पो  आधी रात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली का निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्र में कई खामियाँ नजर आईं जिसे विधायक ने तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

गुरुवार को आधी रात को अचानक निरीक्षण पर पहुंचे विधायक ने सबसे पहले वार्ड में भर्ती किये गए मरीजों से हाल-चाल पूछा। वार्ड के मरीजों को अस्पताल द्वारा कम्बल नहीं दिया गया था। कडक़ड़ाती ठंड में मरीज अपने घर से लाये हुए कपड़ों को ही ओढ़े हुए दिखे। विधायक ने तत्काल नए कम्बल उपलब्ध कराने का निर्देश दिये। इसके अलावा वार्ड में मच्छर भिनभिनाते हुए दिखा। मरीजों को मच्छरदानी उपलब्ध नहीं कराया गया था। मच्छरदानी भी उपलब्ध कराने को कहा।

साफ-सफाई का अभाव

अस्पताल में साफ-सफाई का अभाव दिखा। बाथरूम और वार्ड के कमरों में बदबू फैल रही थी। फिनायल का उपयोग नहीं किया गया था, जिससे पूरा वातावरण प्रदूषित था। विधायक ने साफ-सफाई पर जोर देते हुए फिनायल से सफाई कराने कहा। साथ ही साफ -सफाई के लिए नए स्टॉफ भर्ती करने का आदेश दिया।

अस्पताल में एम्बुलेंस खराब, सुधारने के निर्देश

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एम्बुलेंस खराब स्थिति में खड़े हुए हैं।108 और 102 एम्बुलेंस ही चलन में हैं।जो कभी भी कहीं के मरीज लेने चले जाते हैं। अधिकतर अम्बिकापुर की सेवा में रहते हैं। विधायक रामकुमार टोप्पो ने खराब खड़े एम्बुलेंस को सुधारने के निर्देश दिए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली में उपस्थित चिकित्सकों ने चीरघर की बदहाली को ठीक कराने का निवेदन किया। चिकित्सकों ने कहा कि मच्र्युरी की हालत खस्ता है। छत खराब है। बारिश में पानी टपकता है। अभी हाउसिंग बोर्ड द्वारा बनाये गए ऑफिसर कालोनी से सटा हुआ मच्र्युरी है। आये दिन अधिकारियों-कर्मचारियों को विषम परिस्थिति का सामना करना पड़ता है। जब पोस्टमार्टम होता है तो सारी भीड़ कॉलोनी में ही रहती है, जहां बच्चे बूढ़े सब रहते हैं, जिससे असहज स्थिति बन जाती है। कॉलोनी के पास भय का वातावरण निर्मित होता है। सभी ने निवेदन किया कि मच्र्युरी अन्यंत्र स्थान पर बनाया जाए, जिससे कॉलोनी के लोगों को असहज स्थिति से बचाया जा सके। विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि जल्द ही उसका समाधान किया जाएगा।


अन्य पोस्ट