सरगुजा

कुंवरपुर में पोल लगाकर भूल गए तार लगाना
13-Dec-2023 8:23 PM
कुंवरपुर में पोल लगाकर भूल गए तार लगाना

खंभा बना शो पीस, बरसात के दिनों में होती है बहुत परेशानी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,13 दिसंबर।
लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कुंवरपुर में कांग्रेस के शासन में तीन से चार साल पहले बिजली के खंभे के साथ वायर कनेक्शन जोड़ा जा रहा था, जिस पर कहीं-कहीं पास के खंभे में कनेक्शन तो लगाया गया, लेकिन कई जगह के खंभे में कनेक्शन वायर(तार) लगाना ही भूल ही गए।

 बिजली के खंभे तो लगाए गए लेकिन विद्युत कर्मचारियों के द्वारा तीन से चार साल बीतने के बाद भी 20-25 खंभे में तार लगाना भूल गए। जिससे लगभग पच्चास घरों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वैसे गांव के लोग किसी तरह व्यवस्था बनाकर 100-150 मीटर पुराने खंभे से बांस के खंभा लगाकर बिजली का व्यवस्था कर रहे हैं और बात करें कनेक्शन की तो कई जगह कई लोग अंधेरे में रहने को  मजबूर हंै, लेकिन विद्युत विभाग के कर्मचारी तीन से चार साल बीतने के बाद भी ध्यान नहीं दे रहे है। 

जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत के लोगों ने मांग की कि किसी तरह से बिजली की समस्या को दूर किया जाए। े बरसात के दिनों में एक छोर में पहाड़ नजदीक होने के कारण तथा दूसरे छोर में खेत खलिहान नजदीक होने के कारण जंगली जानवर तथा सांप ,बिच्छू, जमीन पर फिसलन का खतरा बना रहता है, जिसके बाद ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।

सरपंच प्रतिनिधि चमन सिंह ने बताया कि विभाग की लापरवाही के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

इन क्षेत्रों में नहीं लगी बिजली
कुंवरपुर टिकरापारा छेरतू घर से आलम साय घर तक लगभग तीन से चार वर्ष पहले 2 खंभा लगा है लेकिन उसमें आज तक केबल वायर कनेक्शन नहीं लगाया गया है, जिससे 5-8 घरों के लोग परेशानियों का सामना करना पड़ रहे हैं, वहीं 50 से 100 मीटर के बीच कनेक्शन जोड़े हुए हंै।

कुंवरपुर प्लांट (फोकट पारा) में 4-5 खंभे हैं। घर की बात करें तो 8 से 10 घर हैं, लगभग 4 वर्ष से कनेक्शन नहीं जुड़ा है। कुंवरपुर में ही तेजराम घर के पास खंभे की बात करें तो 9 खंभे खाली हैं और खंभे को गाड़े हुए 5 वर्ष हो गए, यहां पास खंभा गड़े हुए और घर की बात करें तो 5-6 घर हैं, जहां पास आज तक कनेक्शन नहीं लग पाया है। लगभग एक  किलोमीटर कुंवरपुर नर्सरी से लेकर लकड़ी के सहारे लाइट अपने घर तक लेकर गए हैं, वहीं तेज राम ने बताया कि तीन बार बिजली ऑफिस को आवेदन दिया गया। पूर्व विधायक को भी इसके बारे में सूचना दी गई, साथ में सरपंच को  भी इसके बारे में सूचना दिया गया था, जिससे आज तक कनेक्शन नहीं जुड़ पाया, हम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह कई खंबे में विद्युत वायर नहीं लग पाए हैं।

ग्रामवासियों के द्वारा बताया गया कि खंभा गाड़ कर आधा बनाकर कुंवरपुर से जमगला तरफ गए और ठेकेदार के कर्मचारी रफूचक्कर हो गए। फिर ग्रामवासी राह देखते रहे और ग्रामवासी बोले कि खंभे तो गाड़े हैं लेकिन शो पीस , न खंभे में वायर लगा है बस दिखावे के लिए गाड़ दिए हंै। अगर खाली खंबे की बात करें तो दो दर्जन से अधिक खंभों में लाइट कनेक्शन नहीं दिया गया है, तथा घर की बात करें तो 60 से अधिक घरों  में तरीके से बिजली का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

जेई लखनपुर सचिन कुजूर का कहना है कि  मेरे प्रभार से पहले का होगा। आज तक मुझे इसकी शिकायत या सूचना नहीं मिली है नहीं तो अभी तक करवा दिया होता, फील्ड में जाकर देखना पड़ेगा कहां-कहां पास नहीं लगा है, और यह सब ठेकेदार की लापरवाही है।


अन्य पोस्ट