सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 12 दिसंबर। उत्तरी सर्द हवाओं के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा में कड़ाके की ठंड पडऩे लगी है। मंगलवार को संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया है, जो इस सीजन का सबसे कम तापतान है, वहीं पहाड़ी क्षेत्र सामरी पाठ व एवं छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाट में पारा रात के समय 6 डिग्री के आसपास पहुंच गया है,जिसके कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लोग ठंड से बचाव हेतु गर्म कपड़े और अलाव का सहारा ले रहे हैं।
सरगुजा संभाग में मिचौंग के असर के पूर्व भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे आ गया था। एक सप्ताह भर में अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान में 8 डिग्री की गिरावट आई है। आने वाले दिनों में तापमान का पारा और गिर सकता है।
अम्बिकापुर के पिछले दिनों के आंकड़े बताते हैं कि विक्षोभ की सक्रियता के दौरान 17 से 18 डिग्री तक ऊपर चढ़ा था, परंतु अब जब व्यवधान समाप्त हो चुका है और हवा की दिशा पुन: उत्तरी हुई है, तब लगातार उत्तरी शुष्क हवाओं से तापमान गिरा है। आज नगर का तापमान इस वर्ष के सीजनल न्यूनतम पर आ गया है। आज नगर का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया है।