सरगुजा
अम्बिकापुर,12 दिसंबर। समग्र शिक्षा माध्यमिक जिला सरगुजा ने शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर में जिला स्तरीय साइंस क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया। जिसमें जिले के सभी विकासखंडों से प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों ने भाग लिया।
कुल 24 प्रतिभागियों में से 20 बच्चों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं गणित से संबंधित प्रश्नों को हल किया।
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के इस अभिनव प्रयोग में जिला स्तर पर प्रथम स्थान अनुराग सोनी कक्षा 12वीं सेजस देवगढ़ सीतापुर, द्वितीय स्थान पर सेजस उदयपुर की कक्षा 12वीं की छात्रा रिचा दास तथा तृतीय स्थान पर सेजस केशवपुर के छात्र आदित्य सारथी कक्षा दसवीं रहे।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. संजय गुहे के मार्गदर्शन, सहायक जिला परियोजना अधिकारी रमेश सिंह, सहायक कार्यक्रम समन्वयक रविशंकर पांडेय की उपस्थिति तथा अंचल सिन्हा एवं सतीश पांडे के संयोजन में पूरी प्रतियोगिता संपन्न कराई गई। विकासखंड एवं जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं सम्मान देने हेतु कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी।