सरगुजा

मिचौंग : सरगुजा के कई इलाकों में 3 दिनों से हो रही बारिश
07-Dec-2023 8:24 PM
मिचौंग : सरगुजा के कई इलाकों  में 3 दिनों से हो रही बारिश

तापमान में गिरावट,  ठिठुरन बढ़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,7 दिसंबर।सरगुजा में चक्रवात मिचौंग के प्रभाव से लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हवा और पानी के कारण तापमान में गिरावट आई है, वहीं ठिठुरन बढऩे से बच्चों एवं बुजुर्गों पर इसका बुरा प्रभाव पड़ रहा है, लोग सर्दी-खांसी की चपेट में आ रहे हैं।

 मंगलवार से सरगुजा के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई थी,वहीं बुधवार की सुबह से अंबिकापुर नगर सहित सरगुजा के कई क्षेत्रों में सुबह से बारिश ने रफ्तार पकड़ ली और गुरुवार को भी सुबह से लेकर देर शाम तक बारिश हो रहा था जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

हवा के साथ बारिश होने से लोगों ने काफी ठंड महसूस किया और सुबह से ही लोग गर्म कपड़े व अलाव का सहारा लेते नजर आए। बारिश होने से किसान भी परेशान एवं चिंतित हैं। किसानों को धान एवं तिलहन की फसल खराब होने को लेकर उनकी चिंता बढ़ गई है।

खेतों में एक तरफ जहां धान काटकर रखे गए हैं, वहीं समितियां में भी वह धान बेचने नहीं पहुंच पा रहे हैं। किसानों की समस्या भी बढ़ गई है। सरगुजा के कई इलाकों में धान कटाई का काम चल रहा है, वहीं  खरीदी केंद्रों में धान को बारिश से बचाने प्रशासन ने कमर कस ली है।

सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार ने बुधवार को ही धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सभी समिति प्रभारी को धान के बचाव के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं।

मौसम जानकार का कहना है कि 8 दिसंबर से चक्रवात का प्रभाव कम हो जाएगा, लोगों को शुक्रवार के दोपहर से राहत मिलेगी, वहीं बारिश खुलने के बाद तापमान के और गिरने की आशंका मौसम विभाग ने जताई है। हवा के साथ लगातार बारिश होने से ठिठुरन बढ़ गई है। सुबह से ही लोग गर्म कपड़ों के साथ अलाव का सहारा लेते दिखाई दे रहे हैं।


अन्य पोस्ट