सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,4 दिसंबर। अंबिकापुर विधानसभा सीट से महज 94 वोट से हार के बाद कांग्रेस के कद्दावर नेता टीएस सिंह देव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि हार कर मैदान नहीं छोडूंगा। अगर जीत जाता तो अगली पीढ़ी को विरासत सौंपा देता, लेकिन हार गया हूँ तो मैदान में डटे रहूँगा।
अपनी हार पर सिंहदेव ने कहा कि कहीं न कहीं मुझमें कमियां रह गई होगी, इसलिए जनता ने नहीं अपनाया, मैं जनमत का सम्मान करते हुए इसे स्वीकार करता हूं। प्रयास करूंगा कि जो कमियां या गलती मुझसे हुई है, उसे जनता के बीच रहकर दूर करने का प्रयास करूंगा।
हार के लिए जिम्मेदार के प्रश्न पर सिंहदेव ने कहा- मैं इसके लिए स्वयं को जिम्मेदार मानता हूं। उन्होंने इसे खेल के मैदान से जोड़ते हुए कहा कि अगर जल्दी आउट हो जाते हैं तो यह कहना गलत होगा की पिच खराब थी, उसे स्वीकार कीजिए और अगली बार अच्छा खेलने का प्रयास कीजिए।
श्री सिंहदेव ने कहा कि पिछले बार सरगुजा से कांग्रेस को अप्रत्याशित परिणाम मिला था, इस बार ठीक उसके उलट आया है जो अकल्पनीय है, भाजपा को बधाई। श्री सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार अच्छा काम करते आई है। कांग्रेस ने भी अच्छा काम किया। उम्मीद करुंगा कि निरंतरता बनी रहे और छत्तीसगढ़ व सरगुजा के हित में अच्छा काम हो।