सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 नवंबर। राजीव गाँधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अम्बिकापुर में शनिवार को संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर विधि विभाग द्वारा संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल व्ही. के. पाण्डेय, अध्यक्ष, सैनिक कल्याण बोर्ड थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रिज़वान उल्ला ने की।
कार्यक्रम का प्रारम्भ संविधान की उद्देश्यिका के वाचन व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि कर्नल व्ही. के. पाण्डेय ने वर्तमान परिस्थितियों में भारतीय मूल्यों के संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने भारतीय प्रजातंत्र में सांसद की भूमिका विषय पर अपने विचार रखे। साथ ही भारतीय स्वातंत्रत्य इतिहास के अमर बलिदानी चाफ़ेकर बन्धुओं और उनकी माँ की परिस्थिति पर बहुत ही मार्मिक कविता प्रस्तुत की।
कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. रिज़वान उल्ला ने अपने उद्बोधन में एक नागरिक के जीवन में विधि के महत्त्व को बताया तथा विद्यार्थियों से आह्वान किया कि समाज का प्रबुद्ध नागरिक होने के नाते वे समाज में विधि एवं हमारे संवैधानिक मूल्यों की स्थापना करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
विधि विभाग के प्राध्यापक माधवेन्द्र तिवारी ने कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत किया एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में सहायक प्राध्यापक डॉक्टर मिलेन्द्र सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापित कर आभार प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक देवप्रकाश दूबे द्वारा किया गया।एल.एल. एम. की छात्राओं सुमन और प्रीतिका ने नाट्य नृत्य में अपने अभिनय से सभी को भाव-विभोर एवं मंत्रमुग्ध कर दिया।
एल.एल. बी. पाँचवे सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने भारतीय संविधान के गठन से लेकर इसकी महत्ता और सम्मान तक सुव्यवस्थित नाट्य मंचन किया।
इस अवसर पर भूगोल के विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश जायसवाल, डॉ. अनिल सिन्हा, एन.सी.सी. अधिकारी पंकज अहिरवार, डॉक्टर तरुण राय, भौतिकी के विभागाध्यक्ष डॉ. एस. के. श्रीवास्तव, सहायक प्राध्यापक डॉ. दीपक सिंह, मोनिका खेस, राजीव कुमार, विधि विभाग के सहायक प्राध्यापक कु. पूनम सोनवानी, मोहन कश्यप, अनुकूल द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के शिक्षकगण तथा महाविद्यालय के छात्रगण उपस्थित थे।