सरगुजा

हाईटेंशन तार की चपेट में दो लड़कियां झुलसीं, गंभीर
24-Nov-2023 8:45 PM
हाईटेंशन तार की चपेट में दो लड़कियां झुलसीं, गंभीर

अम्बिकापुर, 24 नवम्बर। शुक्रवार की दोपहर अंबिकापुर नगर से लगे बिशुनपुर खुर्द क्षेत्र में घर के पास से गुजरे हाईटेंशन तरंगित तार की चपेट में आने से दो लड़कियां झुलस गईं, जिससे दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार बिशुनपुर खुर्द गोरसीडबरा में रहने वाली 15 वर्षीय रिया ने आज दोपहर 1.30 बजे के करीब घर की बाड़ी से गुजरे तरंगित हाईटेंशन तार से सटे कच्चे बांस को खेल-खेल में पकड़ लिया, जिससे वह बांस में करंट प्रवाहित होने के कारण उससे चिपक गई। रिया को बांस से चिपका देखकर वहीं रहने वाली 19 वर्षीय निशा ने उसे बचाने का प्रयास किया तो वह भी करंट की चपेट में आ गई।

आसपास के लोगों ने किसी प्रकार दोनों को बांस से अलग किया, जिसके बाद इसकी सूचना डायल 112 को दी। सूचना पर आरक्षक अजय मिश्रा व चालक ललित द्वारा तत्काल बिशुनपुर पहुंचकर दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।


अन्य पोस्ट