सरगुजा

सीसीएफ दफ्तर के समीप मोटराइज्ड मशीनों से दर्जनों पेड़ों की कटाई
23-Nov-2023 7:53 PM
सीसीएफ दफ्तर के समीप मोटराइज्ड मशीनों से दर्जनों पेड़ों की कटाई

  सवाल पूछने पर एसडीओ ने मीडिया को दी नसीहत  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,23 नवंबर। अंबिकापुर में वनों को बचाने वाले ही पेड़ों को काटते दिखाई दे रहे हैं । सीसीएफ दफ्तर के समीप मोटराइज्ड मशीनों से दर्जनों पेड़ों की कटाई की गई। सवाल पूछने पर एसडीओ मीडिया कर्मियों को नसीहत देती दिखीं।

दरअसल, अंबिकापुर शहर के नजदीक हरा-भरा रहे, इसलिए लाखों रूपये की लागत से बरसों पहले अंबिकापुर के प्रतापपुर रोड स्थित वन विभाग के कार्यालय परिसर के पास बांस बाड़ी में प्लांटेशन लगाया है, वहीं पेड़ों को बचाकर बड़ा किया जा रहा है, लेकिन अंबिकापुर  सीसीएफ कार्यालय से महज 50 मीटर के दूरी पर वन विभाग के कर्मचारियों के द्वारा मोटराइज मशीनों का सहारा लेकर धड़ल्ले से पेड़ों की कटाई की जा रही है। इधर पेड़ काट रहे वन विभाग के कर्मचारियों ने बड़े अधिकारियों का हवाला देते नजर आये।

वन विभाग परिसर के भीतर पेड़ों की कटाई को लेकर अंबिकापुर वन विभाग की एसडीओ जेनी ग्रेस कुजूर से सवाल किया गया तो पहले उन्होंने प्लांटेशन में घने पेड़ों में गैप करने के लिए पेड़ को काटना बताया, लेकिन जब एसडीओ को दर्जनों पेड़ों के काटने पर सवाल किया गया तो कैमरा बंद कराती साफ नजर आई,वहीं मीडिया कर्मियों को नसीहत देती दिखीं।


अन्य पोस्ट