सरगुजा

चरित्र शंका, पत्नी के हाथ-पैर बांध मुंह में ठंूसा कपड़ा, पेट्रोल डाल जिंदा जलाया
21-Nov-2023 8:26 PM
चरित्र शंका, पत्नी के हाथ-पैर बांध मुंह में  ठंूसा कपड़ा, पेट्रोल डाल जिंदा जलाया

  मृतका के पिता ने लगाया आरोप, पति फरार  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 नवंबर। सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिला अंतर्गत बसंतपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर में पत्नी को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। चरित्र शंका को लेकर पति ने अपनी पत्नी के हाथ पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पत्नी बुरी तरह जल गई। यह आरोप मृतका के पिता ने लगाया है। हालांकि बताया जा रहा है कि वाड्रफनगर अस्पताल में गंभीर रूप से झुलसी महिला ने मृत्यु पूर्व अपना बयान भी दर्ज कराया है, जिसमें उसने सारी बात बताई है।

मृतिका नेहा उम्र 28 वर्ष के पिता थाना चंदौरा गोवर्धनपुर निवासी देवसाय ने आरोप लगाते हुए बताया कि विगत 9 वर्ष पूर्व उसकी पुत्री नेहा का विवाह बसंतपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर निवासी राम प्रसाद के साथ हुआ था। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शादी के 9 वर्ष के बीच उनकी दो लडक़ी भी हुई। दो लडक़ी पैदा होने के बाद पति के द्वारा पत्नी पर चरित्र शंका को लेकर मारपीट किया जाने लगा। मारपीट और विवाद कुछ इस तरह बढ़ गया कि महिला वापस अपने मायके में आकर रहने लगी। 

इस दीपावली के कुछ दिन पहले पंचायत के साथ-साथ पुलिस चौकी के सामने समझौता करा कर पिता ने अपनी पुत्री को वापस उसके ससुराल भेजा था। सोमवार की दोपहर 1 बजे नेहा के आग से झुलसने की खबर पर मायके पक्ष के लोग वाड्रफनगर अस्पताल पहुंचे थे।

 पिता ने बताया कि वहीं अस्पताल में उसकी पुत्री का बयान दर्ज किया गया। जिसमें उसने अपने पति पर आरोप लगाते हुए पूरी बात बताई। हालांकि उस वक्त अस्पताल में उसका पति भी मौजूद था। वहां से महिला को रेफर करने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाकर दाखिल कराया गया। 

यहां बीती रात 8.30 बजे के लगभग जैसे ही महिला ने दम तोड़ा, वैसे ही उसका पति अस्पताल से भागने लगा। मायके पक्ष के लोगों ने उसे पकडक़र मोटरसाइकिल में बैठने की कोशिश की, परंतु वहां से कूद कर वह फरार हो गया। मामले में पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है।

आया है मामला-चौकी प्रभारी
वाड्रफनगर चौकी प्रभारी डाकेश्वर सिंह ने बताया कि महिला का बयान मिला है, जिसमें उसने पति पर आरोप लगाया है। अंबिकापुर में बीती रात उसकी मौत हो गई। पति भी उसके साथ गया था, जो वहां से फरार बताया जा रहा है। मर्ग डायरी हमारे पास आने पर अपराध दर्ज किया जाएगा।


अन्य पोस्ट