सरगुजा

आंवला पेड़ की पूजा, बांधा रक्षा सूत्र
21-Nov-2023 8:19 PM
आंवला पेड़ की पूजा, बांधा रक्षा सूत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 नवंबर।
आंवला नवमी के अवसर पर आज जगह-जगह आंवला पेड़ की पूजा हुई। महिलाएं परिवार के साथ पूजन सामग्री और खाने की चीजें लेकर पहुंची। वृक्ष के नीचे कथा श्रवण और वृक्ष की पूजा की। रक्षा सूत्र बांधा, फेरे लिए। आंवला वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है, इसलिए नवमी तिथि पर पूजा होती है। लोग आंवला वृक्ष के नीचे बैठकर भोजन करते हैं।

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष के नौंवे दिन आंवला नवमी पर्व मनाया गया। आंवला नवमी को अक्षय नवमी के नाम से भी जाना जाता है। हिंदू धर्म में आंवला नवमी का भी विशेष महत्व है। इस दिन दान-धर्म का भी खास महत्व है।

 मान्यता है कि इस दिन दान आदि करने से पुण्य का फल इस जन्म में तो मिलता है। ग्रंथों में बताया गया है कि इस दिन आंवला के वृक्ष की पूजा करने से व्यक्ति के सभी पापों का नाश होता है। बता दें कि इस दिन आवंला के वृक्ष की पूजा करते हुए स्वस्थ रहने की कामना की जाती है। इस दिन आंवला वृक्ष की पूजा आदि करने के बाद वृक्ष के नीचे बैठकर ही भोजन किया जाता है। इस प्रसाद के रूप में आंवला खाया जाता है। इस दिन से सैर सपाटे को पिकनिक की शुरुआत भी हो जाती है। लोग घर से बने पकवान लेकर आंवला के नीचे पहुंचते हैं और परिवार के साथ दोस्तों के साथ बैठकर भोजन करते हैं तरह-तरह के पकवान लेकर यहां बैठने से दिन अच्छा बीतता है। आपस में स्नेह भी देखने को मिलता है। 

शनिवार को मौसम खराब था, इसके बावजूद नगर के संजय पार्क, गांधी चौक स्थित दुर्गा मंदिर, पुलिस के समीप गौरी मंदिर,सांडबार मंदिर सहित कई ऐसे स्थानों पर लोगों ने आंवला पेड़ की पूजा अर्चना की।

आंवला नवमी का पर्व अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की बहनों के द्वारा संजय पार्क में मनाया गया। सर्वप्रथम आंवला वृक्ष की पूजा की गई, तत्पश्चात ब्राह्मण एवं ब्राह्मणी को भोजन कराया गया एवं वहां उपस्थित बहनों द्वारा  आंवला  वृक्ष के नीचे जलपान ग्रहण भी किया गया, जिसमें सभी ने खूब सारी मस्ती एवं मनोरंजन गेम्स खेले। इस दौरान अध्यक्ष सीमा बंसल , सचिव शारदा गर्ग, सह सचिव सरल गर्ग , सरोज दीदी सहित अन्य उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट