सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 नवंबर। श्री सार्इं बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय के समाजकार्य विभाग के एमएसडब्ल्यू प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक, पुरातात्विक धरोहरों और उनकी प्रतिकृतियों को शैक्षिक भ्रमण के दौरान देखा। सहायक प्राध्यापक रौनक निशा के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला, विरासत और आदिवासी जीवन को यादगार बनाया।
अम्बिकापुर के सरगवां में स्थापित पुरातत्व विभाग के संग्रहालय में रजवार, पंडो और कोरवा जनजाति के आवास और उनकी जीवन शैली को देखा। विद्यार्थियों ने संग्रहालय में रखी प्रस्तर शिला और अवशेष से पुरातात्विक जानकारियां एकत्रित कीं। संग्रहालय के एक कक्ष में महामाया मंदिर, रामगढ़ गुफा, कोरिया पैलेस, सारासोर का शिवमंदिर, कैलाश गुफा, डीपाडीह, महेशपुर, कुनकुरी चर्च, बेलसर, कुदरगढ़, मैनपाट का तिब्बती मंदिर, सीतापुर, अम्बिकापुर का पैलेस आदि की प्रतिकृति है।
विद्यार्थियों ने सरगुजा संभाग की ऐतिहासिक विरासत और धरोहरों को परखा। पाली और कोरबा का शिवमंदिर, ताला की रूद्र शिव प्रतिमा, सिरपुर का लक्ष्मण मंदिर, कवर्धा मंदिर की प्रतिकृति आकर्षण का केन्द्र रही। विद्यार्थियों ने पुरातात्विक स्थलों के महत्व, उसके रखरखाव एवं संबंधित गुणवत्ता के बारे में जानकारी एकत्रित किया।
प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव और कला एवं समाज कार्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. आएन शर्मा ने विद्यार्थियों को ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति जागरूक किया।