सरगुजा

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत
19-Nov-2023 8:58 PM
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर  से बाइक सवार की मौत

डिप्टी सीएम सिंहदेव के काफिले ने पहुंचाया घायल को अस्पताल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,19 नवंबर। रविवार की सुबह सडक़ मार्ग से रायपुर जाते दौरान उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव एक बड़ी दुर्घटना के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में पहुंचे। डिप्टी सीएम को देखकर अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। काफिले के वाहन से घायल को बाहर उतारा गया। सडक़ दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को चिकित्सकों ने जांच उपरांत उसे दाखिल किया, परंतु कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

 बिलासपुर मार्ग पर मेंड्राकला सैनिक स्कूल मोड़ में रविवार की सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस दौरान उक्त मार्ग से उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सडक़ मार्ग से रायपुर जा रहे थे। उपमुख्यमंत्री के काफिले में लगे वाहन ने तत्काल घायल को उठाकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, साथ में डिप्टी सीएम भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार लखनपुर थाना क्षेत्र के सिरकोतंगा निवासी प्रकाश दास पिता प्रमोहन दास उम्र 40 वर्ष रविवार की सुबह मोटरसाइकिल से काम करने लोधिमा स्थित राइस मिल आ रहा था। मेंड्राकला सैनिक स्कूल मोड़ में अचानक सामने से ट्रैक्टर आ जाने पर बाइक सवार रॉन्ग साइड चल गया। इसी दौरान स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 29 एसी 1487 नें मोटरसाइकिल को जबरदस्त टक्कर मार दी।

हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन छोडक़र फरार हो गया। उक्त मार्ग से रायपुर जा रहे डिप्टी सीएम श्री सिंहदेव ने घायल को देखकर अपने काफिले को रोका। काफिले वाले वाहन में तत्काल घायल को लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। हालांकि व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका।

दुर्घटना में मौत के बाद भी मणिपुर पुलिस की सुस्ती
दुर्घटना के बाद स्कार्पियो चालक तो मौके से फरार हो गया और मणिपुर पुलिस वाहन को थाने तक ले आई। उक्त घटना में एक व्यक्ति की मौत के बाद भी दोपहर 1.30 बजे तक न तो वाहन चालक के बारे में पुलिस से कुछ मालूम था और न ही वहां के मालिक को लेकर पुलिस ने कोई गंभीरता दिखाई। स्कॉर्पियो वाहन कहां से कहां जा रही थी, इस पर भी पुलिस को कोई जानकारी नहीं थी। 


अन्य पोस्ट