सरगुजा

गृह लक्ष्मी योजना से महिलाओं को मिलेंगे 15 हजार सालाना-कांग्रेस
15-Nov-2023 8:29 PM
गृह लक्ष्मी योजना से महिलाओं को मिलेंगे 15 हजार सालाना-कांग्रेस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,15 नवंबर।
जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा सोनी ने संयुक्त पत्रकारवार्ता कर बताया कि कांग्रेस के गृह लक्ष्मी योजना घरेलू महिलाओं को केंद्रित कर लाया गया है। इस योजना के तहत परिवार की प्रत्येक महिलाओं को 15 हजार सालाना उनके खाते में दिया जाएगा। 

आगे बताया कि राजीव किसान न्याय योजना की तरह बटन दबाते ही परिवार की हर बालिग महिला को हर महीने 1250 रुपए उनके खाते में मिल जाएगा। इसके लिए किसी तरह का फॉर्म भरने या दफ्तर के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। जिस महिला का नाम राशन कार्ड में होगा, उनके खाते में पैसा पहुँच जाएगा। गैस सिलेंडर रिफिल कराने पर हर बार सब्सिडी का पैसा भी महिलाओं के खाते में जाएगा। केजी से पीजी तक शिक्षा, 10 लाख तक इलाज मुफ्त, कर्ज माफी धान और वनोपज की बढ़ी कीमत का लाभ महिलाओं को मिलेगा, इससे महिलाएं और सशक्त होंगी। 

कांग्रेस नेत्रियों ने सरकार की योजनाओं  और कांग्रेस के घोषणापत्र में शामिल वायदों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। देश की पहली राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल सहित प्रमुख पदों पर महिलाओं को जगह दिया। हमने कामकाजी महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किये, अब घरेलू महिलाओं का जीवन स्तर सुधारने के लिए कांग्रेस पार्टी प्रतिबद्ध है।


अन्य पोस्ट