सरगुजा
अंबिकापुर, 14 नवंबर। पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने के साथ ही प्रत्येक बालिग महिलाओं के खाते में 1250 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। इस पर 9 हजार करोड़ का खर्च आएगा।
सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता में उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार जो वादा जनता से की थी उसे पूरा कर जनता का भरोसा जीता है। इस बार भी हमने किसानों का कर्जा माफ करने, 32 सौ रुपये में धान खरीदने, केजी से पीजी तक शिक्षा मुफ्त करने का वायदा किया जिसे हर हाल में पूरा करेंगे। महिलाओं के खाते में हर साल 15 हजार देने का वायदा करने में देरी इसलिए हुई कि राहुल गांधी ने कहा था जो पूरा न हो, ऐसे वायदे न करिए। पूर्व वित्त मंत्री पी चिदम्बरम की अध्यक्षता में एक समिति ने अध्ययन कर बताया इस पर करीब 9 हजार करोड़ का वित्तीय भार आएगा। छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था इस भार को वहन करने योग्य है। टीएस सिंहदेव कांग्रेस के बड़े नेता है। पार्टी उनकी क्षमता का इस्तेमाल सही जगह करेगी।
उन्होंने कहा- हम संभाग की सभी 14 सीट फिर से जीतेंगे,इस बार जीत का अंतर पहले से ज्यादा होगा। कांग्रेस में कहीं बगावत जैसी बात नहीं है। किसी को क्षणिक नाराजगी हो सकती है, लेकिन चुनाव मैदान में हम सब भूल कर कांग्रेस के झंडे के नीचे खड़े हैं।
पत्रकार वार्ता में हिमाचल प्रदेश की पूर्व शिक्षामंत्री आशा कुमारी,प्रदेश कांग्रेस महामंत्री डॉ जेपी श्रीवास्तव,मो इस्लाम जिला महामंत्री सैय्यद अख्तर हुसैन,प्रवक्ता आशीष वर्मा, अनूप मेहता, अशफाक अली, हेमंती प्रजापति, मधु दीक्षित, दिनेश शर्मा उपस्थित थे।
मैं कांग्रेस का निष्ठावान सिपाही हूं-शफ़ी
भटगांव से टिकट के सबसे प्रबल दावेदार शफ़ी अहमद को टिकट न मिलने नाराजगी वाले सवाल का जवाब श्रम कल्याण मण्डल के अध्यक्ष शफ़ी अहमद ने खुद दिया। अफवाहों और अटकलों को विराम देते हुए उन्होंने कहा -टीएस बाबा के साथ मेरी जो बॉन्डिंग है उसे एक क्या दस विधान सभा टिकट भी नहीं तोड़ सकती।
कांग्रेस पार्टी ने मुझे दो बार नगरनिगम में नेताप्रतिपक्ष रक बार सभापति बनाया। सरकार में श्रम कल्याण मण्डल का अध्यक्ष बनाकर केबिनेट मंत्री का दर्जा दिया स्टार प्रचारकों की सूची में रखा । पार्टी को जहां जरूरत होगी मैं पूरी ताकत के साथ खड़ा रहूंगा।नाराजगी जैसी कोई बात न पहले थी और ना ही आज है।