सरगुजा
कहा- हेलीकॉप्टर देखने पहुँचे थे लोग, कुर्सियां खाली रहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर/सीतापुर, 11 नवंबर। छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के मतदान को कुछ ही दिन बचे हैं, इस बीच सभी पार्टियां प्रचार-प्रसार में अपना दमखम लगा रही हैं, बड़े नेता आकर प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील कर रहे हैं।
शनिवार को सीतापुर में भाजपा प्रत्याशी रामकुमार टोप्पो के लिए वोट की अपील करने आये राजनाथ सिंह की सभा को लेकर मंत्री अमरजीत भगत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को हार का डर सता रहा है इसलिए रक्षा मंत्री को यहाँ रैली करने के लिए भेजा गया, लेकिन उस रैली से ज़्यादा भीड़ तो हमारे बैठक में हो रही है। बाक़ी लोग तो हेलीकॉप्टर देखने पहुँचते ही हैं। ये ख़ाली कुर्सियां बताती हैं कि सीतापुर की जनता इस बार भी इनके झाँसे में नहीं आने वाली है।
शनिवार को भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह चुनावी सभा को संबोधित करने सीतापुर विधानसभा पहुँचे। ज्ञात हो कि यह सीट भाजपा 1952 से अब तक एक बार भी नहीं जीत पाई है।