सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 9 नवंबर। गुरुवार को स्थानीय शासकीय राजीव गाँधी स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय अम्बिकापुर के विधि विभाग द्वारा विधिक सेवा दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम का प्रारम्भ मंचस्थ अतिथियों के द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधि विभाग के विभागध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. रिजवान उल्ला थे।
इस दौरान विधि विभाग के छात्रों द्वारा विधिक जागरूकता को प्रदर्शित करते हुए विधिक थीम पर पोस्टर और रंगोली बनाया गया। कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक माधवेन्द्र तिवारी द्वारा विद्यार्थियों को विधिक सेवा प्राधिकरण के क्रियाकलापों के विषय में जानकारी दी गई।
विधि विभाग के विभागाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने विधि के विद्यार्थी किस प्रकार से लोगों को विधिक सहायता प्रदान कर सकते हैं, इसकी जानकारी दी।
मुख्य अतिथि डॉ. रिजवान उल्लाह ने अपने उद्बोधन में विधिक जागरूकता में विधि के विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया। सहा. प्राध्यापक डॉ. तरुण कुमार राय ने धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधि विभाग के सहायक प्राध्यापकगण पूनम सोनवानी, मिलेन्द्र सिंह, पंकज अहिरवार ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में विधि विभाग के विद्यार्थी उपस्थित रहे।