सरगुजा

प्रत्याशी को जारी किया गया नोटिस
29-Oct-2023 8:16 PM
प्रत्याशी को जारी किया गया नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 29 अक्टूबर।
आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किये जाने के संबंध में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 10 अम्बिकापुर के इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी टीएस सिंहदेव को नोटिस जारी किया गया है। 

रिटर्निंग अधिकारी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 10 अम्बिकापुर ने बताया कि आवेदक आलोक दुबे द्वारा शिकायत को संज्ञान में लिया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त प्रत्याशी द्वारा आधिकारिक सोशल मीडिया फेसबुक अकाउंट में बिना अनुमति स्वास्थ्य विभाग एवं अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज, चिकित्सकों एवं चिकित्सकीय सुविधाओं का प्रचार-प्रसार किया गया है। साथ ही शासकीय योजना के प्रचार में चुनाव चिन्ह प्रदर्शित किया गया है। 

उन्होंने नोटिस में कहा है कि विधानसभा क्षेत्र  10 अम्बिकापुर में आदर्श आचार संहिता दिनांक 09 अक्टूबर 2023 से लागू है, परंतु पार्टी का चुनाव चिन्ह का प्रयोग करते हुए व्यक्तिगत उपलब्धियों को दर्शाने के लिए शासकीय संस्था का प्रयोग किया गया है, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। प्रत्याशी को एक दिवस के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने कहा गया है अन्यथा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

राजनीतिक द्वेषवश एवं दुर्भावना के कारण अनर्गल आरोप -अनूप 
इस मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनूप मेहता ने कहा कि भाजपा पार्षद आलोक दुबे आदतन उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के प्रति राजनीतिक द्वेषवश एवं दुर्भावना के कारण निरंतर उनके विरुद्ध आधारहीन और अनर्गल आरोप लगाते रहते हैं। उनकी कुल राजनीति ही उपमुख्यमंत्री के विरोध में आरोप लगाने पर जीवित है। हाल ही में भाजपा पार्षद को उपमुख्यमंत्री के विरुद्ध आधारहीन शिकायतों में उच्च न्यायालय में मुँह की खानी पड़ी है।


अन्य पोस्ट