सरगुजा

सिंहदेव, अमरजीत और प्रीतम ने पर्चा भरा, सीएम भी रहे साथ
27-Oct-2023 8:10 PM
सिंहदेव, अमरजीत और प्रीतम ने पर्चा भरा, सीएम भी रहे साथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 27 अक्टूबर।
आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में अंबिकापुर विधानसभा सीट से उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव, सीतापुर विधानसभा क्षेत्र से खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत एवं लुंड्रा विधानसभा सीट से डॉ. प्रीतम राम ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपना-अपना नामांकन दाखिल किया।

उपमुख्यमंत्री एवं अम्बिकापुर से विधायक टीएस सिंहदेव एवं लुन्ड्रा विधायक डॉ. प्रीतम राम शुक्रवार को सुबह 12 बजे कोठीघर से अपने हजारों समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए व रैली निकाल कर शुभ मुहूर्त 2.30 से 3 बजे के बीच अपना-अपना नामांकन दाखिल किया। 

प्रदेश के खाद्य मंत्री एवं सीतापुर से विधायक अमरजीत भगत भी कांग्रेस कार्यालय से अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे व शुभ मुहूर्त में नामांकन दाखिल किया। 
सरगुजा जिला के तीनों विधानसभा सीट से कांग्रेस के दावेदारों के नामांकन दाखिल करने के दौरान हजारों लोग पहुंचे थे, जिससे पूरा शहर टी एस सिंह देव,अमरजीत भगत एवं प्रीतम राम जिंदाबाद के नारों के साथ गूंज उठा। समर्थको द्वारा नामांकन दाखिल रैली में उनका जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया गया।

स्वागत से अभिभूत उक्त तीनों प्रत्याशियों ने कहा कि जनता का स्नेह और आशीर्वाद है जिसके चलते इतना समर्थन मिल रहा है और लोग स्वयं ही नामांकन रैली में भाग ले रहे हैं।उप मुख्यमंत्री सिंहदेव ने नामांकन में उमडे जन सैलाब को लेकर कहा कि यह लोगों की भावना है,लोग कब से बोल रहे थे बाबा कब नामांकन दाखिल करेंगे, शुभ मुहूर्त को देखते हुए आज ढाई से तीन बजे के बीच नामांकन दाखिल किया गया है।

नामांकन के पहले उपमुख्यमंत्री ने कुलदेवी मां महामाया सहित देवघरों में लिया आशीर्वाद
नामांकन रैली हेतु निकलने के पूर्व मां महामाया मंदिर, मां समलाया मंदिर, नूरानी मस्जिद, जामा मस्जिद जय स्तम्भ चौक, पुरानी काली मंदिर जय स्तम्भ चौक, नाजमिया मस्जिद, गुरुद्वारा स्कूल रोड, हनुमान मंदिर, तकिया उर्स स्थल, जगन्नाथ मंदिर, जैन मंदिर, चर्च नवापारा, गुरुद्वारा बाबूपारा, पैलेस में स्थित पारिवारिक पूजन स्थल देवघरों से आशिर्वाद ले उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव रैली में सम्मिलित हुए। उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव नामांकन दाखिले के दौरान उनके छोटे भाई अरुणेश्वर शरण सिंह देव, आदि बाबा, त्रिशला सिंह देव, ऐश्वर्या सिंह देव मौजूद थे।

सरगुजा जिले के यह तीनों सीट अम्बिकापुर, लुण्ड्रा व सीतापुर पिछले डेढ़ दशक से कांग्रेस के कब्जे में है। इन सीटों को प्रभाव अविभाजित सरगुजा के अलग-अलग सीटों पर दिखता है, यही कारण है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्वयं इस नामांकन रैली में हिस्सा लिए और अपने दावेदारों का उत्साह वर्धन किया।

किसानों का ऋण माफी, धान खरीदी और जातिगत जनगणना है मास्टर स्ट्रोक-भूपेश
नामांकन दाखिल के पश्चात मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पिछली बार हम चुनाव लड़े थे तो 68 सीट आई थी। इस बार 75 सीट जीतेंगे रायगढ़ और अंबिकापुर के नामांकन में शामिल हुआ। दोनों ही जगह पर कार्यकर्ताओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, आमजन कांग्रेस सरकार को आशीर्वाद देंगे। 

इस चुनाव में कांग्रेस सरकार का मास्टर स्ट्रोक क्या है के प्रश्न पर भूपेश बघेल ने कहा कि किसानों का ऋ ण माफी, धान खरीदी की घोषणा एवं राहुल गांधी के द्वारा जातिगत जनगणना की बात मास्टर स्ट्रोक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी राहुल गांधी आने वाले हैं और भी घोषणाएं होंगी। कांग्रेस के घोषणा पत्र कब जारी होगा के प्रश्न पर भूपेश ने कहा कि यह प्रश्न भाजपा से पूछिए हमने तो बहुत सारी घोषणाएं की है। अभी राहुल गांधी जी आएंगे, तो और भी घोषणा की जाएगी।


अन्य पोस्ट