सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 21 अक्टूबर। विजयादशमी पर्व के अवसर पर सरगुजा सेवा समिति, नागरिक समिति व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को कलाकेंद्र मैदान में लोक नृत्य(शैला नृत्य)प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में लोक नृत्य, गीत की ऐसी छटा बिखरी कि देर शाम तक सैकड़ों की तादाद में लोग सरगुजा की समृद्घ लोककला व संस्कृति को देखते रहे। प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग की 45 लोक नर्तक दलों ने अपनी मनोहारी प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि सरगुजा क्षेत्र लोक कला एवं संस्कृति की विविधताओं से भरा हुआ है। यहां शैला, करमा, सुग्गा, डोमकेच जैसे लोक नृत्यों की समृद्ध परंपरा प्रचलित है। उन्होंने कहा कि यहां कि कला संस्कृति को सहेजने तथा समृद्ध करने की जो शुरूआत की गई है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से सरगुजा क्षेत्र की कला संस्कृति संरक्षित और संवर्धित होगी। राज्य शासन भी प्रदेश की कला संस्कृति को सहेजने तथा लोक कलाकारों के प्रतिभा को निखारने के लिए मंच प्रदान करेगी, जिससे राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
नागरिक समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल, पूर्व विधायक व सरगुजा सेवा समिति की संयोजक रजनी रविशंकर त्रिपाठी भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर के अलावा जेपी श्रीवास्तव, आलोक दुबे, राजीव अग्रवाल, प्रयागराज साहू, राजेश कश्यप, शुभम अग्रवाल, दीपक सोनी, महेंद्र अग्रवाल, शीनू जायसवाल, मधुसूदन शुक्ल,सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे। मंच का संचालन नरेंद्र सिंह टूटेजा ने किया।
नागरिक समिति के महासचिव राजीव अग्रवाल ने बताया कि रामचरित्र मानस प्रतियोगिता एवं शैला नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले टीम को 15 हजार,द्वितीय 10 हजार एवं तृतीय को 7 हजार रुपए का पुरस्कार मिलेगा। पुरस्कार जीतने वाले टीम को विजयदशमी पर्व के दिन पीजी कॉलेज मैदान में पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा उक्त दोनों प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी टीम को दो-दो हजार रुपए प्रोत्साहन राशि के रूप में दी जाएगी।