सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,21 अक्टूबर। पुलिस स्मृति दिवस पर आज राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में प्राचार्य डॉ. रिजवान उल्ला, प्राध्यापक, कार्यालयीन कर्मचारी, एनसीसी अधिकारी एवं कैडेट्स और अन्य छात्र छात्राओं द्वारा पुलिस के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जवानों के देश के प्रति अमूल्य योगदान को याद किया गया।
प्राचार्य ने कहा कि शहीद सेनानी महाविद्यालय के छात्र रहे हैं, जिस पर हमें गर्व है। भारत माता की रक्षा हेतु और अपने कर्तव्यपरायणता के चरम् पर जाकर इन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। इन सभी की शहादत हमें प्रेरित करती है कि हम सभी समाज और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें। सभा को एन सी सी प्रभारी पंकज अहिरवार तथा अन्य प्राध्यापकगणों ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र व कर्मचारीगण उपस्थित थे, जिन्होने अमर वीर शहीदों को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।