सरगुजा
आरोपियों से ढाई किलो चांदी सहित बाइक जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 अक्टूबर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के सांई कॉलेज चौक स्थित माधुरी ज्वेलर्स में तीन दिन पहले दुकान के शटर के लॉक को काट कर लगभग चार लाख के जेवरों की चोरी करने के मामले में पुलिस ने बादी गिरोह के दो अपचारी बालक सहित तीन लोगों को पकड़ा है। मामले में एक युवक फरार बताया जा रहा है।
पुलिस की विशेष टीम एवं थाना गांधीनगर पुलिस टीम के संयुक्त टीम द्वारा मामले में की कार्रवाई की गई है। आरोपियों के कब्जे से ढाई किलोग्राम चांदी सहित घटना मे प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि प्रार्थी हरेराम सोनी पिता रघुनाथ सेठ निवासी बधियाचुवा थाना कोतवाली अम्बिकापुर ने 17 अक्टूबर को थाना गांधीनगर आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह गांधीनगर साई कॉलेज चौक में स्थित माधुरी ज्वेलर्स का संचालक हैं। वह रोज दिन की भांति अपना व्यवसाय कर 16 अक्टूबर की शाम को अपनी ज्वेलरी दुकान बंद कर अपने घर चला गया था। उसी रात को अज्ञात चोरों ने दुकान के शटर का लॉक काटकर दुकान के अंदर से जेवरात पार कर दिए थे। पुलिस के मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।
मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक सरगुजा सुनील शर्मा के निर्देशन में मामले के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के दिशा निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर आरोपियों का पता तलाश किया जा रहा था।
विवेचना दौरान संयुक्त पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों के सम्बन्ध में तकनिकी जानकारी प्राप्त की गई। पुलिस टीम के सतत प्रयास से मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत 2 बालक सहित कुल 3 आरोपियों की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ किया गया।
बालिग आरोपी ने अपना नाम वेद सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी मंगारी जूनापारा थाना सीतापुर का होना बताया गया। आरोपियों से घटना के सम्बन्ध मे पूछताछ किये जाने पर घटना दिनांक को माधुरी ज्वेलर्स का कुण्डी तोडक़र सोने चांदी का आभूषण चोरी करना स्वीकार किया गया। आरोपियों के निशानदेही पर ढाई किलो चांदी के आभूषण सहित घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त किया गया हैं, मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी शेष हैं।
5 माह में चोरी की 33 घटनाएं
शहर में विगत पांच माह में चोरी की 33 घटनाएं सामने आई है जिनमें से 31 घटनाओं में पुलिस ने सफलता प्राप्त कर ली है एसपी ने बताया कि बाकी दो घटनाएं बची हुई है जिन पर टीम लगी हुई है। उन्होंने बताया कि चोरी के मामले में सीसीटीवी से काफी मदद मिलती है। कंट्रोल रूम से भी सभी चोरियों में काफी हेल्प मिली।