सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 19 अक्टूबर। एसएमपी एजुकेशनल एण्ड चेरिटेबल मैनेजमेंट सोसायटी द्वारा संचालित मॉडर्न कान्वेंट स्कूल में संस्था के संस्थापक एवं पूर्व प्राचार्य स्व. आनंद प्रकाश के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में वार्षिक क्रीड़ा महोत्सव का आयोजन किया गया। खेल समारोह के प्रारंभ में विद्यालय प्रांगण में स्व. आनंद प्रकाश को याद करते हुए उनके नाम की पूजा-अर्चना करके हवन आदि किया गया।
पूजा समाप्ति के बाद विद्यालय की वर्तमान प्राचार्या श्वेता सिन्हा ने सभी बच्चों को पूर्व प्राचार्य स्व. आनंद प्रकाश को याद करते हुए उनसे मिली प्रेरणा एवं अपने अनुभवों को साझा किया और उन्होंने यह भी कहा कि सभी विद्यार्थियो की सफलता ही आनंद प्रकाश का सपना था। उनकी दृष्टि में कोई भी विद्यार्थी कमजोर नहीं था हर बच्चा उनके लिए खास था।
श्रीमती सिन्हा ने कहा कि आप सब को भी स्व. श्री आनंद प्रकाश के सपनों में खरा उतरना होगा, ईमानदारी एवं परिश्रम के बल पर आप सभी को सफलता हासिल करनी है। इसके बाद विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान एवं फल वितरण किया गया। पूजा पाठ के पश्चात खेल कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। इस खेल समारोह के मुख्य अतिथि राजेश प्रताप सिंह, (राष्ट्रीय बास्केट बॉल के कोच) एवं शशीकांत मिश्रा (कांस्टेबल ट्रैफिक पुलिस) रहे।
खेल आरंभ से पहले श्वेता सिन्हा सभी बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे जीवन में खेल का सर्वाधिक महत्व है हम सभी की शारीरिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए खेल सबसे अच्छा तरीका है। जो बहुत लाभदायक है। खेल मानसिक एवं शारीरिक मजबूती लाता है। अच्छा जीवन जीने के लिए स्वस्थ्य मस्तिष्क एवं स्वस्थ्य शरीर की आवश्यकता होती है। इसलिए खेलना अति आवश्यक है। अतिथियों ने खेल के बारे में बच्चों को रोचक जानकारियां देते हुए खेल के लिए प्रोत्साहित किया और उनके उत्साह को बढ़ाया।
विशिष्ट अतिथि शशिकांत मिश्रा (कांस्टेबल ट्रैफिक पुलिस) ने सभी बच्चों एवं उपस्थित सभी लोगों को ट्रैफिक के नियमों का पालन करने के लिए जागरुक किया और हर-एक वाहन चालक को अपना लायसेंस एवं वाहन का इंश्योरेंस कराने का अनुरोध किया एवं सभी विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए उनको अपने-अपने जीवन की सुरक्षा करने का अनुरोध किया और सभी खिलाडिय़ों को खेल प्रतिस्पर्धा की शुभकामनाएँ दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत एवं श्रीमती श्वेता सिन्हा के स्वागत संबोधन के साथ हुआ। खेल समारोह की शुरुआत खिलाडिय़ों द्वारा मशाल जलाकर परेड कर शपथ ग्रहण किया गया। जिसमें विद्यालय के सभी हाउस कैप्टन खिलाडिय़ों ने भाग लिया। पूरा विद्यालय भारत माता की जयकारा से गूंज गया।
इस क्रीड़ा महोत्सव में मॉडर्न कॉन्वेट स्कूल के सभी शाखाओं के प्रतिभागी शिक्षक एवं प्रभारी प्राचार्य उपस्थित रहे। इसके पश्चात प्रतियोगिता प्रारंभ किया गया जिसमें कक्षा नर्सरी के बच्चों का जलेबी दौड़, एल.के.जी. के बच्चों का कुर्सी दौड़, यू.के.जी. के बच्चों का मेढक़ दौड़ 1ली के बच्चों का बौटल दौड़, 2री के बच्चों का फुग्गा दौड़, 3री के बच्चों का चम्मच दौड़, 4थी के बच्चों का संयुक्त पैर दौड़ एवं 5वीं के बच्चों का बोरा दौड़ कराया गया। इसके पश्चात कक्षा 6वीं से 8वीं के छात्राओं एवं 9वीं से 12वीं के छात्राओं का 100 मी. दौड़ कराया गया। इसके पश्चात खो-खो, कबड्डी, बॉलीबॉल, क्रिकेट आदि खेलों का भी आनन्द लिया गया। खेल समाप्ति के बाद पुरस्कार वितरण किया गया।जिसमे सर्वप्रथम बेस्ट स्टूडेन्ट ऑफ, द ईयर -2022-23 के विद्यार्थियों को आनंद प्रकाश अवार्ड से सम्मानित किया गया।