सरगुजा

लक्ष्य को साकार करने मतदान जागरूकता अभियान
18-Oct-2023 8:54 PM
लक्ष्य को साकार करने मतदान जागरूकता अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 18 अक्टूबर।
सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय सुभाषनगर अंबिकापुर सरगुजा के सभागार में मतदान जागरूकता अभियान एवं स्वीप सरगुजा के लक्ष्य को साकार करने हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उप संचालक जिला पंचायत यशपाल प्रेक्षा की गरिमामय उपस्थिति रहीं। 

विशिष्ट अतिथि के रूप में रविशंकर पांडेय ए.पी.ओ, आर.एम.एस.ए एवं नोडल अधिकारी विधान सभा स्वीप सरगुजा, डॉ. प्रशांत शर्मा सहायक परियोजना अधिकारी जिला पंचायत अंबिकापुर, गिरीश गुप्ता जिला परियोजना अधिकारी अंबिकापुर, एम. सिद्दीकी निदेशक जन शिक्षण संस्थान सरगुजा की उपस्थिति रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता रविशंकर पांडे ने की। 

स्वागत प्रतिवेदन प्रस्तुत करके एम सिद्दीकी ने कहा कि लोकतंत्र के सशक्तिकरण के लिए नए मतदाताओं को जागरूक करना साथ ही किसी भी राष्ट्र के निर्माण में युवा मतदाताओं की अहम भूमिका होती है। युवा शत-प्रतिशत मतदान कर देश के विकास में अपना योगदान दें।

यशपाल प्रेक्षा ने बताया कि प्रजातंत्र में युवा मतदाताओं की भूमिका काफी अहम होती है। जब प्रत्येक मतदाता मतदान के के रूप में मिले अपने अधिकार के साथ दायित्व व कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करेगा तभी सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव होगा। नव मतदाताओं को निर्भिक होकर मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। कॉलेज के विद्यार्थियों ने सोंग, नाटक एवं रंगोली के द्वारा सौ प्रतिशत मतदान हेतु जागरूक किया। 

रविशंकर पांडेय ने बताया कि निर्वाचन में युवा मतदाता बढ़-चढ़ कर सहभागिता निभाएँ, साथ ही कहा कि वोट के अधिकार की बदौलत जैसा भविष्य अपने देश का चाहते हैं उसका निर्णय ले सकते हैं क्योंकि भारत एक प्रजातांत्रिक देश है इसमें जनता का, जनता के लिए, जनता द्वारा शासन यानि सबकुछ जनता है। 

अपने बीच में से ही मनचाहे व्यक्ति को जनप्रतिनिधि के रूप में चुनते हैं और वह क्षेत्र के विकास की बात सरकार तक पहुंचाता है। 

आभार प्रकट करते हुए सहप्राध्यापक रानी रजक ने सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया, साथ ही युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी वोट बनवाकर अपने अधिकार को पहचाने तथा अपनी वोट का प्रयोग बिना दबाव के करें, तभी सही मायनों में लोकतंत्र मजबूत होगा। 

इसी के साथ कार्यक्रम में मौजूद सभी विद्यार्थी स्वरूप मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही कम मतदान वाले क्षेत्रों को चिह्न्ति कर नुक्कड नाटक, रैली, रंगोली, चित्रकला आदि के माध्यम से मतदान हेतु जागरूकता अभियान चलाया गया।


अन्य पोस्ट