सरगुजा
दो गंभीर को जिला अस्पताल भेजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 18 अक्टूबर। थाना क्षेत्र के ग्राम करौंदी झापटपारा बाजार के समीप खेत में ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से चार लोग घायल हो गए । इनमें से दो की हालत काफी गंभीर होने से प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी उदयपुर से जिला चिकित्सालय अंबिकापुर भेज दिया गया है।
घटना बुधवार सुबह 11 बजे करीब की है। झींगो बाई उम्र 50 वर्ष, कामेश्वर उम्र 33 साल, कलेश्वरी उम्र 31 वर्ष, पनमेश्वर उम्र 60 वर्ष तथा अन्य लोग एकट्रैक्टर-ट्रॉली पर ग्राम नवापारा खुर्द से सवार होकर मक्का तोडऩे घुंचापुर डूमर पानी जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम करौंदी झापटपारा बाजार के समीप चालक ट्रैक्टर पर से नियंत्रण खो बैठा और खेत में जाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोग दबकर घायल हो गए।

इनमें कलेश्वरी का हाथ बुरी तरह से ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दब गया और उसकी कलाई टूट गई। पनमेश्वर का भी एक हाथ टूट गया तथा झिंगो बाई और कामेश्वर को भी हल्की चोटें आई हैं।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह से घायलों को निकाला और 108 के ईएमटी शंकर यादव और पायलट खेलसाय के माध्यम से घायलों को तत्काल उपचार हेतु सीएचसी उदयपुर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर रूप से घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष सिंह ने बताया कि घटना के बाद मौके पर 112 को रवाना कर तात्कालिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।