सरगुजा

दुर्गोत्सव की धूम, भक्ति भाव में सराबोर हुआ उदयपुर क्षेत्र
17-Oct-2023 8:42 PM
दुर्गोत्सव की धूम, भक्ति भाव में सराबोर हुआ उदयपुर क्षेत्र

  आचार संहिता का पालन करते हुए मनाया जा रहा दुर्गोत्सव  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर,17 अक्टूबर। स्थानीय शिव मंदिर प्रांगण सहित विकासखंड उदयपुर के विभिन्न गांवों में  धूमधाम से दुर्गा उत्सव मनाया जा रहा है।  सुबह और शाम होने वाली आरती में महिलाओं और बच्चों सहित नौजवान व बुजुर्ग भी शामिल हो रहे हंै। पूजा अर्चना के बाद मातृ शक्तियों द्वारा माता की मूर्ति के समक्ष गरबा नृत्य प्रस्तुत किया जा रहा है।  

सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति द्वारा छोटे बालक बालिकाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। शाम को होने वाली आरती और गरबा के कार्यक्रम में महिलाएं उत्साह पूर्वक काफी संख्या में भाग ले रही हैं।

केदमा में कलश यात्रा में 250 से अधिक की संख्या में महिलाएं व बालिकाएं शामिल हुईं। यहां भी नवरात्रि का उत्साह देखने लायक है। इसके अतरिक्त डांडगांव सलका खमरिया घाटबर्रा आदि जगहों पर धूमधाम से नवरात्रि मनाई जा रही है।

विधानसभा चुनाव को महज एक माह बचे हैं। आचार संहिता लगी हुई है, इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा काफी कुछ पाबंदियां लागू की गई है, जिनका कड़ाई से शासन द्वारा पालन कराया जा रहा है, 70 डेसीबल तक के साउंड सिस्टम का उपयोग दुर्गा पूजा समितियों द्वारा किया जा रहा है।

इस बारे में चर्चा के दौरान थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों को आचार संहिता का कड़ाई से पालन के संबंध में जानकारी दी गई है। तेज आवाज वाले डीजे पर प्रतिबंध लगाया गया है। सार्वजनिक मंच का राजनैतिक इस्तेमाल नहीं करने की समझाइश लोगों को दी गई है।


अन्य पोस्ट