सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 17 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी के तत्कालीन चीफ इंजीनियर डीएस भगत, अधीक्षण यंत्री राजेश लकड़ा और ठेके पर काम करने वाली तीन कंपनियों आरके एसोसिएट्स, मेट्रिक सर्विस और गुरुकृपा ग्रुप के विरुद्ध आरटीआई एक्टिविस्ट डीके सोनी ने करीब 1 करोड़ 83 लाख रुपये का अवैध भुगतान करने के मामले में अंबिकापुर न्यायालय में परिवाद दायर किया है।
धारा 156 (3) के तहत दायर 3000 पेज के इस परिवाद में कहा गया है कि संबंधित कंपनियों ने ईपीएफ, बोनस और ईएसआईसी की राशि में गोलमाल की थी और फर्जी बिल लगाया था। इसकी जांच रिपोर्ट कार्यपालन निदेशक ने 24 फरवरी 2023 को प्रस्तुत कर दी थी। इन कंपनियों ने अपने कम्प्यूटर ऑपरेटर, भृत्य और अन्य कर्मचारियों के वेतन से ईपीएफ, बोनस, ईएसआईसी आदि की राशि की कटौती तो की लेकिन इसका लाभ कर्मचारियों को नहीं दिया। इन कंपनियों को देयक का भुगतान करने के समय चीफ इंजीनियर और अधीक्षण यंत्रियों को उपरोक्त देयकों के संबंध में कंपनी से संबंधित दस्तावेज प्राप्त करना था और प्रभारी अधिकारी से प्रमाणित कराया जाना था। कुछ कंपनियों ने कर्मचारियों की कटौती की राशि जमा करने संबंधी फर्जी चालान भी विभाग में प्रस्तुत कर दिए थे। कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी में भी हेराफेरी की गई है। उक्त प्रकरणों में शासन के विद्युत कंपनी को लगभग एक करोड़ 82 लाख 86 हजार 907 रुपये का नुकसान पहुंचाया गया है। गबन के इस मामले में विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
न्यायालय में दिए गए गए आवेदन में भुगतान करने वाले अधिकारी भगत, लकड़ा और ठेकेदारों के विरुद्ध धारा 409, 420,467,468, 120बी भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध किए जाने की मांग की गई है।