सरगुजा
अंबिकापुर में पहली बार होगा 100 फीट का रावण दहन, भव्य आतिशबाजी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 16 अक्टूबर। दशहरा महोत्सव की तैयारी जोरों पर है। सोमवार को सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी, नागरिक सेवा समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल एवं महासचिव राजीव अग्रवाल सोमवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि नागरिक सेवा समिति, सरगुजा सेवा समिति व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में वर्षों से अंबिकापुर में दशहरा महोत्सव मनाया जाता है, इस वर्ष भी दशहरा महोत्सव की तैयारी जोरों से चल रही है।
सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि उनके पति स्व. रवि शंकर त्रिपाठी के द्वारा अंबिकापुर में दशहरा महोत्सव की शुरुआत की गई थी, आगे उनकी प्रेरणा से समिति के लोगों को बल मिला और आज भव्य रूप से दशहरा महोत्सव होता है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से इतना बड़ा दशहरा महोत्सव का आयोजन हो पता है, इस बार भी सभी सहयोग करें।
नागरिक सेवा समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि स्वर्गीय पं. रविशंकर त्रिपाठी जी के द्वारा दशहरा महोत्सव की शुरुआत छोटे स्तर पर की गई थी, जो आज बृहद रूप ले चुका है। महोत्सव अंतर्गत शैला नृत्य व रामचरितमानस कार्यक्रम होता है जिसमें पूरे संभाग भर के लोग भाग लेते हैं। रावण दहन देखने आसपास से लाखों की संख्या में लोग आते हैं,आचार संहिता का पालन करते हुए दशहरा महोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा।
सरगुजा सेवा समिति के उपाध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कहा कि 32 वर्षों से दशहरा का आयोजन अंबिकापुर में किया जा रहा है महोत्सव अंतर्गत भव्य आयोजन हो रहा है जिसमें हजारों की संख्या में लोग पहुंचकर दशहरा महोत्सव का लुत्फ उठाते हैं।
महोसव को लेकर नागरिक सेवा समिति के महासचिव राजीव अग्रवाल एवं सरगुजा सेवा समिति के संजय अग्रवाल ने बताया कि अंबिकापुर शहर में पहली बार 100 फीट के रावण का एवं 60 फीट के मेघनाथ व 50 फीट के कुंभकरण का दहन होगा। इस बार आतिशबाजी शिवाकाशी की टीम द्वारा की जाएगी जो कि अंबिकापुर में पहली बार होगा।
पीजी कॉलेज ग्राउंड में 45 से 60 मिनट तक भव्य आतिशबाजी होगी जो लोगों के आकर्षण का केंद्र होगा। विजयदशमी पर्व के दिन शहर में भगवान राम,लक्ष्मण एवं जानकी की शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस बार शोभा यात्रा में विशेष तौर पर भगवान श्री राम के वनवास काल की झांकियां के साथ-साथ और भी आकर्षक झांकियां निकाली जाएगी जो शहर वासियों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा।
रामचरितमानस प्रतियोगिता 17-18 को
विजयदशमी महोत्सव अंतर्गत रामचरितमानस प्रतियोगिता 17 व 18 अक्टूबर को शिशु मंदिर स्कूल में आयोजित की गई है,रामचरितमानस प्रतियोगिता के लिए सरगुजा संभाग भर के 54 टीमों ने हिस्सा लिया है। शैला नृत्य प्रतियोगिता 21 अक्टूबर को कला केंद्र मैदान में रखा जाएगा इसमें संभाग भर के 38 टीमों ने भाग लिया है। रामचरित्र मानस प्रतियोगिता एवं शैला नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले टीम को 15 हजार,द्वितीय 10 हजार एवं तृतीय को 7 हजार रुपए का पुरस्कार मिलेगा।
पुरस्कार जीतने वाले टीम को विजयदशमी पर्व के दिन पीजी कॉलेज मैदान में पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा उक्त दोनों प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी टीम को दो-दो हजार रुपए प्रोत्साहन राशि के रूप में दी जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान महेंद्र अग्रवाल, शुभम अग्रवाल सहित अन्य मौजूद थे।