सरगुजा

मानसिक कमजोर महिला ने शिशु को सडक़ किनारे दिया जन्म
04-Oct-2023 8:51 PM
मानसिक कमजोर महिला ने शिशु को सडक़ किनारे दिया जन्म

लोगों ने संजीवनी के माध्यम से अस्पताल में कराया भर्ती, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 4 अक्टूबर। नगर के केदारपुर साक्षरता मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल के सामने आज तडक़े एक गर्भवती ने शिशु को सडक़ किनारे जन्म दिया। सडक़ किनारे पड़ी महिला व उसके बच्चे को जब स्थानीय लोगों ने देखा तो पहले महिला को चादर से ओढ़ाया व तत्काल इसकी सूचना संजीवनी वाहन को दी। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बच्चे को एसएनसीयू में रखा गया है।

चिकित्सकों के अनुसार जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। यह बात भी सामने आई कि विगत एक सप्ताह पहले महिला को अस्पताल लाकर दाखिल कराया गया था, लेकिन महिला अस्पताल से भाग गई थी। महिला दिमागी रूप से भी कमजोर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार एक सप्ताह पूर्व एक अज्ञात प्रसव पीडि़ता महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लाकर दाखिल कराया गया था। अस्पताल के स्टाफ ने उसे पूछने की कोशिश की थी कि वह कहां से आई है और उसका नाम क्या है। परंतु उसने अपने बारे में कुछ नहीं बताया।

यह बात  सामने आई है कि उससे ज्यादा कुछ पूछने पर वह गाली गलौज करने लगती थी। इस समय वह अस्पताल से भाग गई थी। आज तडक़े नगर के केदारपुर में साक्षरता मार्ग (भट्टी रोड) स्थित एक निजी अस्पताल के पास सडक़ किनारे उसने एक शिशु को जन्म दिया।

सुबह-सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर माँ और बच्चे पर पड़ी, तब इसकी सूचना संजीवनी 108 की टीम को दी गई। जिसके बाद आई टीम जच्चा-बच्चा को अपने साथ ले गई। स्थानीय लोगों द्वारा ही सुबह जच्चा -बच्चा को कपड़ा व चादर दिया गया था। मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचने के बाद नर्स के द्वारा बच्चे की नाल काटी गई।

चिकित्सकों ने कहा कि महिला का प्रसव हुए ज्यादा देर नहीं हुए हैं, क्योंकि नाल काटने में अगर देर होती तो दोनों की स्थिति गंभीर हो सकती थी। फिलहाल महिला कौन है इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।


अन्य पोस्ट