सरगुजा

पीडि़त जनता कांग्रेस को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है-अनिल सिंह मेजर
01-Oct-2023 9:48 PM
पीडि़त जनता कांग्रेस को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है-अनिल सिंह मेजर

भूपेश सरकार के खिलाफ़ धरना-प्रदर्शन कर भाजपा ने बोला हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,1 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की वर्तमान कांग्रेस सरकार की विफलता, अघोषित बिजली कटौती, अनाप-शनाप बिजली बिल प्रदाय, खाद बीज, सुगम यातायात हेतु सडक़ सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर अम्बिकापुर विधानसभा स्तरीय धरना प्रदर्शन कार्यक्रम ग्राम- मेंड्राकला में भाजपा वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर के मुख्य आतिथ्य एवं भाजपा सरगुजा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह तथा पूर्व ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया, व वरिष्ठ नेता त्रिलोक कपूर कुशवाहा के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ। 

इस अवसर पर धरने को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर ने कहा कि भूपेश सरकार ने किसान, मजदूर, युवा, महिला, बुजुर्ग समाज के हर वर्ग को ठगने का काम किया है। 36 प्रकार के घोषणा पत्र में में एक भी वादे सही से पूरे नहीं किए गए। इस भूपेश सरकार ने आम जनता को बिजली बिल, राशन, खाद, बीज सहित जनता को मिलने वाली हर एक सुविधाओं के लिए तरसाया तथा प्रताडि़त किया है। पीडि़त जनता अब इन्हें चुनाव में सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है। 

भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में परिवर्तन की लहर है, सरगुजा में भी हम तीनों सीटें जीतने जा रहे हैं। भाजपा के कार्यकर्ता तन मन से चुनाव में भिड़ गए हैं, अब छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बन के रहेगी। पूर्व ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में घोटाले पर घोटाला करके छत्तीसगढ़ का नाम बदनाम करने के लिए भूपेश सरकार के खिलाफ़ आम जनता में भारी आक्रोश है। 

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि सरगुजा के विकास को भूपेश बघेल और टी एस बाबा की कुर्सी की लड़ाई ने सालों पीछे धकेल दिया। सरगुजा की जनता काका और बाबा दोनों को माफ़ नहीं करेगी। इस अवसर पर भाजपा वरिष्ठ नेता त्रिलोक कपूर कुशवाहा ने कहा कि भाजपा सरगुजा में 2003 वाला परिणाम दोहराने जा रही है, अब कमल खिलने से कोई नहीं रोक सकता। 

धरना कार्यक्रम को भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी, अंबिकेश केशरी, विनोद हर्ष, आलोक दुबे, राजकुमार बंसल, राधेश्याम ठाकुर,मंजूषा भगत, मधु चौदह, मधुसूदन शुक्ला, दिनेश साहू, रामकेश्वर राजवाडे, राजेन्द्र जायसवाल, विश्व विजय तोमर, अनिल सिंह, रामलखन महंत, पन्ना लाल राजवाडे, तथा सोनू तिग्गा ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम की समाप्ति पर महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन भी भाजपा नेताओं के द्वारा तहसीलदार को सौंपा गया। 


अन्य पोस्ट