सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,28 सितंबर। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान भक्ति गीत-संगीत संध्या व स्वागत सम्मान की बाल गंगाधर तिलक गणपति स्थापना समिति द्वारा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में आरंभ नई परंपरा ने अब विराट स्वरूप ले लिया है। आस्था व उल्लास के बीच शहर की छोटी-बड़ी गणेश पूजन समितियों की झांकी देखने गुरूवार को बड़ी संख्या में लोग घड़ी चौक पर जमा रहे।
बाल गंगाधर तिलक गणपति स्थापना समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में नगर के घड़ी चौक पर भक्ति गीत-संगीत की मनोहारी कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। समिति के पदाधिकारी, सदस्यों के साथ भारी तादाद में जुटे शहरवासियों द्वारा पुष्पवर्षा कर झांकियों का स्वागत व पूजा-अर्चना किया गया तथा आयोजन समिति ने झांकी लेकर पहुंचने वाले गणेश पूजा आयोजन पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में गणेशोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। शहर के सभी मोहल्लों में छोटे-बड़े आयोजन समितियों द्वारा लंबोदर स्वामी की प्रतिमा स्थापित कर भक्तिभाव से दस दिनों तक पूजा-अर्चना की जाती है। इस दौरान विविध धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं, जिसमें शहर का हर खास व आम व्यक्ति पूरी श्रद्घा और उल्लास के साथ हिस्सा लेता है। लेकिन गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान कोई कार्यक्रम इसके पहले तक आयोजित नहीं किया जाता था। अलग-अलग मोहल्लों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं को लेकर समिति के पदाधिकारी सदस्य विसर्जन के लिए निकलते थे, लेकिन गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को भव्यता प्रदान करने की नई पहल बाल गंगाधर तिलक गणपति स्थापना समिति ने शुरू की है।
लगभग 8 वर्ष पहले समिति द्वारा गणेश प्रतिमाओं के सामूहिक विसर्जन कार्यक्रम की शुरूआत की गई थी। इस आयोजन ने अब विराट स्वरूप ले लिया है। समाज के हर वर्ग की सक्रिय सहभागिता इस आयोजन में दिखने लगी है। समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम की समाज के हर वर्ग के लोगों ने मुक्त कंठ से सराहना की। घड़ी चौक पर भव्य स्टेज बनाकर भक्ति गीत-संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर के अलग-अलग मोहल्लों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं को बाजे-गाजे के साथ आयोजन समितियों के पदाधिकारी सदस्य लेकर घड़ी चौक पहुंचे।
यहां बाल गंगाधर तिलक गणपति स्थापना समिति मे पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं द्वारा सभी का स्वागत किया गया और पुष्पवर्षा की गई। कलाकारों द्वारा भक्ति गीत-संगीत की लगातर मनोहारी प्रस्तुति दी जा रही थी और एक-एक कर गणेश प्रतिमाओं की झांकी लेकर आयोजिन समिति के सदस्य घड़ी चौक से लेकर गुजर रहे थे। घड़ी चौक का नजारा अद्भूत था। आयोजन के दौरान शहर के छोटे-बड़े गणेश पूजा समितियों द्वारा स्थापित विध्नहर्ता की प्रतिमाओं की झांकी निकाली गई। ये झांकियां घड़ी चौक से होकर गुजरी। यहां अतिथियों के अलावा समिति से जुड़े पदाधिकारी सदस्यों ने पुष्पवर्षा व आरती कर झांकियों का स्वागत किया। गणेश पूजा आयोजन समितियों को पुरस्कृत भी किया गया। कई घंटों तक घड़ी चौक में भक्ति और उल्लासमय वातावरण के बीच श्रद्घालु भक्ति गीत-संगीत पर झूमते नजर आए।
झांकियों के साथ विसर्जन
गुरुवार को आकर्षक झांकियों के साथ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। शहर के विभिन्न मोहल्लों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारी दोपहर बाद से ही शुरू हो गई थी। शहर के छोटे-बड़े गणेश पूजा आयोजन समितियों द्वारा वाहनों में लंबोदर स्वामी की प्रतिमा को रखकर बाजे-गाजे के साथ विसर्जन की झांकिया निकाली गई। कई समितियों द्वारा शैला नर्तक दलों के साथ झांकी निकाली, जीवंत झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया। भव्य आतिशबाजी और नाचते-झूमते श्रद्घालुओं की टोली गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन कार्यक्रम को चार चांद लगा रही थी। शहर के प्रमुख व्यवसायिक मार्गों के साथ ही अधिकांश मोहल्लों से निकली गणेश प्रतिमाओं की झांकियों को देखने बड़ी तादाद में लोग जुटे।